शिवपुरी। शिवपुरी नगर पालिका में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल चौथे दिन शुक्रवार को भी जारी है। कर्मचारी नगर पालिका परिसर में टेंट लगाकर धरने पर बैठे हैं। इस हड़ताल से पूरे शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। शहर के मुख्य मार्गों, मोहल्लों और डंपिंग पॉइंट्स पर चार दिनों का कचरा जमा हो चुका है। इससे दुर्गंध फैल रही है और स्वास्थ्य संबंधी खतरे बढ़ गए हैं। यूनियन का कहना है कि 14 फरवरी और 5 अगस्त 2024 को हुए समझौतों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
वार्ड-7 और 36 के पार्षदों ने उठाया सफाई का जिम्मा
प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल न होने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इस बीच वार्ड क्रमांक 7 के पार्षद अरविंद ठाकुर और वार्ड क्रमांक 36 के पार्षद एमडी गुर्जर ने स्वेच्छा से सफाई का जिम्मा उठाया है। स्वच्छता सर्वेक्षण-2024 के दौरान यह हड़ताल नगर पालिका के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। ट्रैक्टर-ट्रॉली और अपने सहयोगियों के साथ वार्ड में पहुंचे। दोनों पार्षदों ने अपने अपने वार्ड में जमा कचरे को हटवाया और ट्रॉली में भरवाकर डंपिंग क्षेत्र में पहुंचाया।
कर्मचारियों की 25 प्रमुख मांगें
सफाई कर्मचारी यूनियन ने प्रशासन के सामने 25 प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें कर्मचारियों का स्थानांतरण रद्द करना, कार्यस्थल तक वाहन सुविधा, छह घंटे से अधिक ड्यूटी न लेना शामिल है। साथ ही सफाई दरोगा को पेट्रोल भत्ता, एनपीएस की कटौती राशि को समय पर जमा करना और नियमित कर्मचारियों को बढ़ा हुआ वेतन देने की मांग कर रहे हैं।