शिवपुरी। जिले के करैरा थाना अंतर्गत ग्राम टोडा में शादी टूटने के बाद दो भतीजों ने मिलकर चाचा व भाई के साथ जमकर मारपीट कर दी। घटना में घायल पिता-पुत्र को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने दोनों भतीजों पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक टोडा गांव निवासी सेवक पाल ने गांव के ही बलवीर पाल के माध्यम से अपने बेटे अंकेश पाल का विवाह तय किया था। रिश्ते की सहमति के साथ लड़की वालों ने परंपरागत रूप से सेवक पाल को एक शॉल और 100 रुपए उपहार में दिए थे। इस मौके पर बलवीर पाल सहित सेवक के दो भतीजे रामजी लाल पाल व फूल सिंह पाल भी मौजूद थे। कुछ दिन बाद अंकेश ने शादी करने से मना कर दिया।
इसकी जानकारी दोनों भतीजे रामजीलाल व फूल सिंह को लगी तो उन्होंने अपने चाचा सेवक से बोला कि जो उपहार में शॉल व 100 रुपए मिले थे, वह लड़की वालों को वापस कर दें। जब सेवक ने ऐसा करने से मना कर दिया तो दोनों भतीजों ने मिलकर सेवक व उसके बेटे अंकेश की लाठियों से जमकर मारपीट कर दी। घटना में घायल पिता-पुत्र को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।