SHIVPURI NEWS - टाइगर ने बदल दिया शिवपुर के नगर निगम का प्रस्तावित नक्शा,यह पंचायत हटाई गई

Bhopal Samachar

शिवपुरी। पिछले 3 सालो में शिवपुरी में बहुत कुछ बदल गया है। शिवपुरी नगर पालिका से निगम बनने की ओर बढ रही है। तीन साल पूर्व तत्कालीन सीएम शिवराज सिंह ने शिवपुरी को नगर निगम बनाने की घोषणा की थी। निगम के विस्तार के लिए इसमें 39 पंचायतों को जोड़ा जाना तय हुआ था लेकिन बीच में टाइगर प्रोजेक्ट शिवपुरी मे आ गया और टाइगर के आने के कारण शिवपुरी का प्रस्तावित नगर निगम का नक्शा बदलना पड रहा है।

ग्राम पंचायत की आबादी को जोडा गया था
तीन साल पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शिवपुरी को नगर निगम करने की घोषणा की थी। इसके बाद शिवपुरी नगर पालिका के विस्तार के लिए 39 ग्राम पंचायतों की 3 लाख 15 हजार 172 की आबादी जोड़कर प्रस्ताव तैयार किया गया। इसमें टाइगर रिजर्व क्षेत्र (तब नेशनल पार्क) से सटी 10 पंचायतों की आबादी भी शामिल थी। हालांकि इन पंचायतों के ग्रामीण नगर निगम में शामिल होने पर सहमत नहीं थे।

ग्रामीणों ने इसका विरोध दर्ज कराया था। उस वक्त तक नेशनल पार्क में टाइगर नहीं आए थे। अब यहां 5 टाइगर हैं। ऐसे में टाइगर रिजर्व से सटे गांवों को हटाने के लिए 39 पंचायतों वाले प्लान को निरस्त कर दिया गया। अब नगर निगम के लिए जो नया प्लान तैयार किया गया है, उसमें 15 ग्राम पंचायतों को ही जोड़ा गया है। इसमें पहली बार कोलारस जनपद क्षेत्र की 1 ग्राम पंचायतों के 5 गांव भी शामिल किए गए हैं।

शिवपुरी जनपद की 12 ग्राम पंचायत
चंदनपुरा, नौहरीकलां, सिह निवास, ठर्रा, दर्रोनी, ईंटमा, पिपरसमां, रायश्री, सतेरिया, बांसखेड़ी, बड़ागांव और रातौर। इन 12 ग्राम पंचायतों में 35 गांव हैं।
कोलारस की 3 ग्राम पंचायतें पड़ोरा सड़क, सेसई सड़क और बेहटा के 5 गांव पड़ोरा, निवोदा, सेसई सड़क, घुटारी और बेहटा को इसमें शामिल है। शिवपुरी शहर से सबसे दूर निवोदा गांव होगा जिसकी वर्तमान शहर से दूरी 16 किमी है। 2025 के अनुसार शिवपुरी नगर पालिका की वर्तमान जनसंख्या 2 लाख 24 हजार 484 है। नए जोड़े जा रहे गांव की आबादी 44724 है। इन्हें मिलाकर नगर निगम की कुल आबादी 2 लाख 69 हजार 208 मानी जा रही है।

टाइगर रिजर्व की सीमा से सटे यह 10 गांव हटाए
करई,मझेरा,कोटा,हातौद,ठेह,सुरवाया,गंगौरा,कांकर,डोंगरा धुवानी। यह 10 गांव पहले नगर निगम में शामिल किए जा रहे थे,अब इन्है टाईगर रिजर्व की सीमा से सटे होने के कारण प्रस्ताव से हटा दिया गया है।

प्रस्ताव कलेक्टर को भेज चुके हैं
कोलारस के गांवों का प्रस्ताव हम कलेक्टर साहब को भेज चुके हैं। 3 ग्राम पंचायतों के 5 गांव इसमें शामिल हैं। वहां की पूरी जानकारी से हमने समिति को अवगत करा दिया है।
अनूप श्रीवास्तव, एसडीएम, शिवपुरी

इस सप्ताह फाइनल प्रस्ताव भोपाल भेज देंगे
शिवपुरी के 12 ग्राम पंचायतों की एनओसी हम ले चुके हैं। कोलारस की एनओसी आनी शेष हैं। इस संबंध में भोपाल से कुछ जानकारी मांगी है जिन्हें हम भेज रहे हैं। इस सप्ताह फाइनल प्रस्ताव शासन के पास पहुंच जाएगा।  
ईशांक धाकड़, सीएमओ, नगर पालिका, शिवपुरी