शिवपुरी। शिवपुरी का एक मामला कलेक्ट्रेट कार्यालय में अब सुर्खियों में बना हुआ है,इस मामले के कुछ सीन सिटी कोतवाली में भी लिखे गए और अब कुछ सीन भ्रष्टाचार रूपी जांच में लिखे जाने है। एक प्रेम कहानी का अंत:महिला अधिकारी की ओर से एफआईआर करवाने पर जाकर खत्म हुई है वही पुरुष की ओर से महिला अधिकारी की भ्रष्टाचार की शिकायत कर खत्म हुई है। इस भ्रष्टाचार की शिकायत पर कलेक्टर शिवपुरी ने जांच टीम भी बना दी गई है। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में पीड़ित महिला अधिकारी की शिकायत पर मुरैना के शासकीय शिक्षक पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया है। शिक्षक की पत्नी ने कहा कि जब दो साल तक प्रेम प्रसंग मे रहे तो छेड़छाड़ का मामला दर्ज कैसे हुआ है।
जानकारी के अनुसार शिवपुरी जिले में पदस्थ महिला उप संचालक पहले मुरैना जिले में शिक्षक के रूप में पदस्थ थीं। जहां उनकी मुलाकात शिक्षक मनीष यादव से हुई। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हुआ और दोनों साथ रहने लगे। जब इस बात का शिक्षक की पत्नी को पता चला तो उनके विवाद शुरू हो गया और तलाक तक की नौबत आ गई। इसके बाद पीड़ित महिला अधिकारी ने शिक्षक पद से इस्तीफा देकर शिवपुरी में उप संचालक के पद पर ज्वाइन किया। इस दौरान शिक्षक और महिला अधिकारी की दूरियां बढ़ी तो जनवरी-2025 में शिक्षक को संदेह होने पर दोनों के बीच विवाद होने लगा।
बात तब अधिक बिगड़ गई जब शिक्षक मनीष यादव कोलारस में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की जनसुनवाई में महिला अफसर के खिलाफ शिकायत करने पहुंच गया। यहां जब उसकी महिला अधिकारी से बहस हुई तो पुलिस से उठवा लिया गया। रात में दोनों पक्षों में राजीनामा हुआ, इसके बाद शासकीय शिक्षक को छोड़ दिया गया।
इसके बाद महिला अधिकारी ने फरवरी माह में ही कुछ दिन बाद मनीष के खिलाफ कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। कोतवाली टीआइ कृपाल सिंह राठौड़ के मुताबिक भादवि की धारा 74, 78, 115(2), 296, 351(3) एवं 308 (5) के तहत आरोपित शिक्षक मनीष यादव के खिलाफ प्रकरण दर्ज है। शिकायत दर्ज कराने वाली महिला अधिकारी है। आरोपित छेड़छाड़ करने के बाद से ही उनको प्रताड़ित कर रहा था।
सीएम हेल्पलाइन पर महिला अधिकारी की शिकायत
खास बात ये है कि फरवरी में मामला दर्ज होने के बाद भी गिरफ्तारी नहीं हुई। इधर शिक्षक ने भी सीएम हेल्पलाइन में महिला अधिकारी एवं अधीनस्थ कर्मचारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज करा दी। कलेक्टर ने इसे संज्ञान में लेते हुए डिप्टी कलेक्टर अनुपम शर्मा को जांच की जिम्मेदारी सौंप दी। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में आरोपित मनीष यादव को बीते रोज मुरैना जाकर गिरफ्तार किया है। उसे बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
शिक्षक की पत्नी पहुंची कोतवाली
उधर महिला अधिकारी से अलग होने के बाद शासकीय शिक्षक फिर से पत्नी के पास लौट आया। बुधवार को पत्नी भी कोतवाली थाने पहुंची और पीड़ित महिला अधिकारी पर भड़क गई। हालांकि पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझा बुझाकर थाने से बाहर किया, तब कहीं हंगामा शांत हुआ। शिक्षक की पत्नी रितु यादव ने बताया कि दो साल साथ में रहने के बाद छेड़छाड़ का केस आखिर कैसे दर्ज हो सकता है।