SHIVPURI NEWS - पिछोर क्षेत्र के लोग अयोध्या गए थे, बस का एक्सीडेंट:एक मौत

Bhopal Samachar

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के पिछोर थाना सीमा में निवास करने वाले लोग एक बस में अयोध्या दर्शनो के लिए गए थे। वापस लौटते समय कानपुर हाईवे पर थाना चिरगांव के ग्राम करगुवां के पास आगे चल रहे रोड रोलर से बस टकरा गई थी। हादसे में शिवपुरी के होमगार्ड के जवान समेत 10 सवारी घायल हो गई थीं। इन घायलों में गुरुवार को बस क्लीनर की मौत हो गई।

शिवपुरी  के पिछोर क्षेत्र में रहने वाले लगभग 65 लोग एक बस को बुक करके अयोध्या दर्शन के लिए गए थे। वह बीते रोज वापस घर लौट रहे थे। बस जैसे ही कानपुर हाईवे पर थाना चिरगांव के ग्राम करगुवां के पास
पहुंची, आगे चल रहे रोड रोलर से टक्कर हो गई। इससे रोलर सड़क किनारे पलट गया था। बस में क्लीनर साइड में बैठी 10 सवारियां घायल हो गयीं, जिनको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था।

हालत गंभीर होने पर होमगार्ड के जवान अलख प्रकाश राजपूत, किशन लोधी व नितेश को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। नितेश की गुरुवार को मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पिता विदिशा के दीपनाखेड़ा के ग्राम बांस खेड़ी छुई निवासी विजय सिंह को सूचना दी। पिता विजय सिंह ने बताया कि नितेश खेती किसानी के साथ ही बस पर क्लीनर भी था।