शिवपुरी। अप्रैल माह के अंतिम दिनो मे सूर्यदेव आसमान से आग उगल रहे है। सुबह 10 बजे से ही धरती गर्म होने लगती है। पारा लगभग 44 डिग्री पर पहुंच रहा है इस कारण अब रात में चंद्र देव भी आधी रात के बाद शीतलता देते है। बीते रोज शुक्रवार को पारा 44 डिग्री से अधिक रहा है। ऐसे मौसम में बिजली विभाग की भी मनमानी चल रही है। घोषित कटौती के बावजूद बार बार बत्ती गुल होने के कारण आमजन के प्राण संकट में आ जाते है।
शहर सहित अंचल भर में बीते कुछ दिनो से तेज गर्मी के कारण लोग बेहाल हैं। सुबह से ही गर्म हवा चलने लगती है और लोग पेड़ों की छाया तलाशते हुए नजर आते है। दोपहर 12 बजे के बाद तो सूर्य आग का गोला बन जाता है। हालात यह है कि दोपहर में लोग अपने घरों से निकलने में कतरा रहे है। शुक्रवार को शहर सहित अंचल में अधिकतम तापमान 44 डिग्री तो न्यूनतम 25 डिग्री दर्ज हुआ। स्थिति यह है कि लोग अब लू की चपेट में आकर उल्टी व दस्त जैसी बीमारियों से परेशान होकर जिला अस्पताल पहुंच रहे है। इधर अस्पताल में भी गर्मी से बचने के पर्याप्त इंतजाम न होने से लोगों को अधिक परेशानी आ रही है।
यह बोले डॉ यशदेव गौतम
सुखदेव हॉस्पिटल के डॉ यशदेव गौतम ने बताया कि दिन के समय 5 से 6 घंटे धूप बर्दाश्त के बाहर रहती है। सुबह 10 बजे ही पारा मानव शरीर के सामान्य तापमान को पार कर जाता है। शाम को 6 बजे बाद थोड़ी राहत मिलना शुरू होती है। मानव शरीर के लिए सामान्य तापमान 36 डिग्री माना जाता है। इससे अधिक तापमान शरीर को बर्दाश्त नहीं होता और व्याकुलता बढ़ जाती है। इस समय तेज गर्मी व बढ़ते तापमान से बचने के लिए अधिक से अधिक पानी। हो सके तो नींबू पानी का उपयोग करें। दोपहर में अगर जरूरी काम नहीं है तो धूप में निकलने से बचें। बहुत ज्यादा जरूरी होने पर सिर और शरीर को पूरी तरह ढक कर ही बाहर निकलें। जरा सी लापरवाही लोगों को गर्मी से संबंधित बीमारियों से परेशान कर सकती है। घर से बाहर जाएं तो सफेद कपड़े, रंगीन चश्मा, टोपी या छतरी का उपयोग करें। इसके साथ ही खानपान भी हल्का रखे। तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन ने भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
डिहाइड्रेशन का शिकार हो रहे लोग
इस समय तेज गर्मी के कारण शरीर में पानी की कमी होने पर डिहाइड्रेशन की परेशानी के साथ कमजोरी, चक्कर आने के साथ 2 थकान जैसी समस्या हो रही है। लू लगने पर हीट स्ट्रोक का शिकार होने से लोग बीमार है। ऐसे में लू से बचने के अधिक से अधिक पानी पिएं और धूप में निकलने से बचें। लू लगने पर त्वचा संबंधी समस्या भी हो सकती है।