शिवपुरी। शिवपुरी शहर की लुधावली गौशाला मे वर्तमान समय में 500 से अधिक गोवंश है,इस गौशाला की स्थिति पिछले कुछ सालो से बिगडी हुई है। इस गौशाला में प्रबंधन में बडी समस्या आ रही थी,उचित देखरेख के अभाव में इस गौशाला में गौवंश की मौत की खबरे भी आ रही थी। इस कारण अब इस गौशाला के प्रबंधन की जिम्मेदारी शिवपुरी की मानसिक दिव्यांग (प्रभुजी) व्यक्तियों को सहारा देने वाली अपना घर आश्रम समिति, समिति, शिवपुरी शिवपुरी ने इस गौशाला के संचालन का भार अपने कंधो पर उठा लिया है। 22 अप्रैल को गोशाला समिति को विधिवत रूप से हैंडओवर कर दी गई है।
नगर पालिका और अन्य एनजीओ द्वारा गोशाला का सुचारू संचालन न कर पाने के कारण कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी ने 8 अप्रैल को समिति के समक्ष इसका संचालन संभालने का प्रस्ताव रखा। दो दिन के विचार-विमर्श (9 व 10 अप्रैल) के बाद समिति ने सहमति दे दी। 17 अप्रैल को अनुबंध संपन्न हुआ और 22 अप्रैल से समिति ने गौशाला संचालन शुरू कर दिया। सुपुर्दगी मिलते ही समिति को दो दिन में ही चारा-भूसा व अन्य व्यवस्थाओं के लिए 20 लाख रुपए का दान प्राप्त हुआ, जो जन सहयोग में विश्वास को दर्शाता है।
सरकार ने प्रति गोवंश अनुदान राशि 20 रुपए से बढ़ाकर 40 रुपए कर दी है। समिति पदाधिकारियों का कहना है कि सदस्य स्वयं प्रति गोवंश 10 रुपए अतिरिक्त मिलाएंगे, जिससे कुल 50 रुपए प्रतिदिन प्रति गोवंश की व्यवस्था संभव हो सकेगी। गोबर से बने कंडे व जैविक खाद की बिक्री से भी संचालन में सहायता ली जाएगी।
सेवाभावियों को जिम्मेदारी मिलते ही 25 लोग सेवा करने पहुंचे
जैसे ही लुधावली गोशाला के 22 अप्रैल से अपना घर आश्रम समिति को सुपुर्द होने की सूचना मिली, समिति के पदाधिकारियों और सेवाभावी लोगों ने दो दिन में ही 20 लाख रुपए का दान जुटा लिया। इसमें से 10 लाख रुपए से 10 महीने का भूसा खरीदा गया। बुधवार को शहर से 25 लोग और आश्रम के 8 प्रभुजी गौशाला पहुंचे और सेवा कार्य में जुटे। समिति का कहना है कि अब एक साल तक चारे की कोई कमी नहीं रहेगी।
कलेक्टर ने नपा व स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारियां तय कीं: कलेक्टर ने नगर पालिका को पानी, बिजली और मृत पशुओं को उठाने की जिम्मेदारी सौंपी है, जबकि गायों का इलाज पशुपालन विभाग के डॉक्टर करेंगे। गौशाला की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। कलेक्टर का कहना है कि एक महीने में गौशाला में सुधार होगा, जो अन्य विभागों और समितियों के लिए एक उदाहरण बनेगा।
शुभ शगुन दूसरे दिन गाय ने बछड़े को जन्म दिया
गौशाला हैंडओवर लेने के दूसरे के दूसरे ही दिन एक गाय ने बछड़े को जन्म दिया है। गौशाला में 22 अप्रैल को 547 गोवंश था, शाम को 4 और आने से संख्या बढ़कर 551 हो गई है। गोशाला संचालन के लिए दो दिन में 20 लाख रु. का दान इकट्ठा हो गया है। जिससे 10 लाख का भूसा भी खरीद चुके हैं। प्रभुजी भी सेवा करने पहुंच रहे हैं। -
रमेशचंद्र अग्रवाल, अध्यक्ष, अपना घर आश्रम शिवपुरी