करैरा। शिवपुरी जिले के करैरा थाना सीमा में आने वाले बम्हारी गांव में निवास करने वाले एक निसंतान दंपत्ति को ठगो ने तंत्र मंत्र पूजा के बल से संतान सुख के झांसे मे लेते हुए जीवन भर की जमा पूंजी को ठग ले गए। संतान प्राप्ति के झांसे में आए यह परिवार खुशी खुशी लुट गया,जब उनको ठगी का मामला समझ में आया तो उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई,मामला अब करैरा थाने पहुंच चुका है पुलिस हुलिए के आधार पर इन ठगों को खोजने का प्रयास कर रही है।
जानकारी के अनुसार बम्हारी गांव के रमेश प्रजापति और उमा प्रजापति लंबे समय से परेशान थे। उनकी शादी के 23 साल बाद भी कोई संतान नहीं हुई थी। दंपत्ति सभी प्रयास कर चुके थे, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसी दौरान 8 मार्च को उनके घर दो लोग पहुंचे। देनों ने खुद को बड़ा तांत्रिक बताते हुए हर समस्या के समाधान का दावा किया।
परेशान दंपती उनके झांसे में आ गए
और अपनी पीड़ा बता दी। दोनों ठगों को मौका मिल गया। उन्होंने इसके लिए तांत्रिक पूजा करने की बात कही। फिर रमेश को गांव के बाहर बेड़ा पूजने के लिए भेज दिया। रमेश के जाने के बाद उन्होंने उमा प्रजापति से कहा कि वह घर में रखे सभी जेवरात लेकर आ जाए। महिला उनके झांसे में फंस चुकी थी, इसलिए सोने का हार, कानों के फूल, चांदी की कमर पेटी, पायल यहां तक की मंगलसूत्र तक लाल कपड़े में बांधकर ठगों को थमा दी।
ठगों ने बेसन की पुतली तैयार कर उमा को उसे नाले में बहाने के लिए भेज दिया। महिला जब पुतली बहाकर वापस लौटी तो देखा दोनों ठग तमाम जेवरात समेटकर गायब हो चुके थे। ठगी का शिकार दंपत्ति ने करैरा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि ठगों की उम्र 40-50 साल के बीच थी और दोनों कुर्ता-पजामा पहने हुए थे। पुलिस हुलिए के आधार पर ठगों की तलाश में जुट गई है।