SHIVPURI NEWS - सड़क हादसे में 2 मौत, घंटों सड़क पर तड़पता रहा युवक

Bhopal Samachar

शिवपुरी में सड़क हादसे में एक 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। श्रीराम कॉलोनी निवासी मनीष कुशवाह शनिवार शाम को बाइक से करबला क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

दुर्घटना के बाद मनीष करीब तीन घंटे तक सड़क किनारे बेहोश पड़ा रहा। रात करीब साढ़े आठ बजे परिजन उन्हें खोजते हुए दुर्घटना स्थल पर पहुंचे। परिजन पहले उन्हें जिला अस्पताल ले गए। वहां से रात साढ़े ग्यारह बजे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।

इलाज में देरी के कारण गई जान
डॉक्टर ने कहा कि समय पर इलाज मिलता तो युवक की जान बचाई जा सकती थी। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मनीष ने दम तोड़ दिया। मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।

2 बाइकों की आमने सामने की टक्कर
शिवपुरी में शनिवार रात करीब 9 बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

घटना बैराड़ थाना क्षेत्र के पचीपुरा रोड पर हुई। हादसे में नदोरा निवासी संजय सैन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार शिवराज, कल्लो और सीताराम गंभीर रूप से घायल हो गए। संजय सेन अपने घर से बैराड़ की ओर जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।