शिवपुरी। माधव टाइगर रिजर्व का गजट नोटिफिकेशन 07 मार्च को जारी हो चुका है। दिलचस्प बात ये है कि 10 दिन बाद भी भोपाल से वेबसाइट को अपडेट नहीं किया गया है। क्योंकि अब भी शिवपुरी टाइगर रिजर्व सर्च करने पर माधव नेशनल पार्क ही दिखाई दे रहा है। हालांकि अंदर जरूर टाइगर रिजर्व बनाए जाने की जानकारी उपलब्ध है। इसके अलावा कोर एरिया और बफर जोन की जानकारी भी अपडेट नहीं की गई है। जबकि इंस्टाग्राम पेज को स्थानीय अधिकारी अपडेट करते हैं, इसलिए इसमें टाइगर रिजर्व बनने सहित अन्य सभी जानकारी अपडेट की जा चुकी है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के 9 माधव टाइगर रिजर्व का लोकार्पण किया था। इसमें लोकार्पण सहित अन्य जानकारियां अब तक अपडेट हो जाना चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया है। इसमें माधव नेशनल पार्क का एरिया करीब 375 वर्ग किमी बताया गया है। जबकि बफर जोन करीब आठ किमी दर्शाया गया है। जबकि वर्तमान में कोर एरिया 375 किमी हो चुका है और बफर जोन 1276 वर्ग किमी हो चुका है। माधव टाइगर रिजर्व के अधिकारियों के मुताबिक इंस्टाग्राम स्थानीय स्तर पर अपडेट होती है, इसलिए इसे अपडेट किया जा चुका है। वरिष्ठ स्तर पर वेवसाइट अपडेट करने के लिए कहा गया है। एक बार फिर उनसे इस बारे में बात की जाएगी।
इसलिए जरूरी है वेबसाइट अपडेट होना
दरअसल दूसरे जिलों, राज्यों या विदेश से आने वाले पर्यटक या वाइल्ड लाइफ में रुचि रखने वाले सबसे पहले टाइगर रिजर्व के बारे में वेबसाइट के जरिए जानने का प्रयास करते हैं। इसमें टाइगर की संख्या, कोर एरिया, बफर जोन, कुल जानवरों की संख्या के साथ अन्य डिटेल देखने के बाद ही पर्यटक घूमने की योजना बनाते हैं। अब जब जानकारी ही अपडेट नहीं है तो इससे माधव टाइगर रिजर्व के बारे में पर्यटकों को ठीक से कुछ पता नहीं चलेगा।
मादा टाइगर ने किया नीलगाय का शिकार
10 मार्च को माधव टाइगर रिजर्व में छोड़ी गई एमटी-4 वाघिन ने अपनी टेरिटरी बनाना शुरू कर दिया है। वह अब तक 30 किमी से अधिक एरिया में चहलकदमी कर चुकी है। इस बीच उसने एक नील गाय का भी शिकार किया है। कुछ जल स्त्रोतों से पानी भी पी चुकी है।
पैच से टाइगर लापता
पेंच टाइगर रिजर्व से एक वाघ माधव टाइगर रिजर्व में आना है। पैच में टीम वाघ को खोजने में जुटी हुई है, जिससे उसे ट्रैकुलाइज करके पिंजरे में बंद किया जा सके। इसके बाद इसे माधव टाइगर रिजर्व तक लाया जाएगा। हालांकि जिस वाघ को भेजा जा रहा है, वह अब तक टीम को नहीं मिला है।