SHIVPURI NEWS - जानकी सेना की प्रयागराज महाकुंभ यात्रा, किया गया 595 वा सुंदरकांड पाठ

Bhopal Samachar

शिवपुरी। धर्म प्रसार और विश्व शांति की कामना के लिए सुंदरकांड के माध्यम से प्रार्थना करने वाले जिले के अखिल भारतीय जानकी सेना संगठन ने इस बार प्रयागराज महाकुंभ में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया। जिसमें 550 से अधिक लोगों ने भाग लेकर संगम में डुबकी लगाने के साथ ही सुंदरकांड का पाठ किया। यह आयोजन प्रयागराज में श्री राम जानकी तुलसी आश्रम बड़े हनुमान मंदिर खालसा प्रयागराज में महामंडलेश्वर पुरुषोत्तम दास महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ।

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सिंह रावत ने बताया कि अखिल भारतीय जानकी सेना संगठन हर वर्ष तीर्थ क्षेत्र में सुंदरकांड करती है और यह विशेष सुंदरकांड विश्व शांति की कामना के लिए किए जाते हैं। इस बार सभी का परम सौभाग्य रहा है कि महाकुंभ सुंदरकांड किया गया, जिसमें शिवपुरी से पांच बस एवं लगभग 50 चार पहिया वाहन में लगभग 550 से अधिक जानकी सैनिकों को लेकर 7 फरवरी को रवाना हुए।

8 फरवरी को महाकुंभ में पावन पुनीत डुबकी स्नान करने के बाद संगठन का राष्ट्रीय महा अभियान विश्व कल्याण की प्रार्थना के साथ 595 वा सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। जिसमें कई महान संत भी शामिल हुए। विशेष बात यह रही की यह पूरी यात्रा आना-जाना 50 घंटे में हुआ और बिना रुके बिना थके, बिना सोए यह यात्रा सभी ने संपूर्ण की है। आगामी दिनों में संगठन के द्वारा श्रीलंका सुंदरकांड यात्रा प्रस्तावित की है।

बुजुर्गों के लिए की विशेष व्यवस्था अखिल भारतीय जानकी
सेना संगठन द्वारा आयोजित इस महाकुंभ सुंदरकांड यात्रा के दौरान पूरे भारतवर्ष से अलग-अलग जगह से भी जानकी सैनिकों के बुजुर्ग परिवारजन भी पहुंचे। जिसमें दिल्ली से आए दंपति जिनकी उम्र 80 और 85 साल थी, उन्हें जानकी सैनिकों ने आरामदायक कुंभ स्नान कराया और सुंदरकांड पाठ कराया।