शिवपुरी। शिवपुरी प्रदेश के पांच स्टेट हाइवे को मिलाकर बने 334.55 किमी के राष्ट्रीय राजमार्ग के 55.80 किमी हिस्से के उन्नयन व निर्माण के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग ने 414.84 करोड़ रुपए की स्वीकृति दे दी है। शिवपुरी जिले के दिनारा से पिछोर होते हुए अशोकनगर के चंदेरी तक टू-लेन सड़क निर्माण कराया जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण के लिए जमीनें अधिग्रहित करने पहले ही गजट नोटिफिकेशन के साथ मुआवजा वितरण की प्रक्रिया भी की जा चुकी है।
जानकारी के मुताबिक मध्यप्रदेश के शिवपुरी और अशोक नगर जिलों में चंदेरी, बामोर कला, अचरौनी और चंदेरी लिंक बाईपास सहित राष्ट्रीय राजमार्ग-346 के खंड (कुल लंबाई 55.80 किमी) चंदेरी-पिछोर रोड के शोल्डर के साथ 2-लेन के उन्नयन और निर्माण के लिए 414.84 करोड़ रुपए की केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने स्वीकृति दी है। इस सड़क के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सड़क के लिए राशि स्वीकृति को लेकर खुशी जताई है।
मुख्यमंत्री का कहना है कि इस स्वीकृति से सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन के महत्वपूर्ण कार्य होंगे। निश्चित ही शिवपुरी और अशोक नगर के साथ अन्य जिलों को भी इसका लाभ मिलेगा। मध्य प्रदेश के विकास को गति मिलेगी और नागरिकों को सुगम यातायात सुविधा मिल जाएगी।
स्टेट हाइवे को जोड़ेगा 334.55 किमी का राष्ट्रीय राजमार्ग
राष्ट्रीय राजमार्ग-346 की कुल लंबाई 334.55 किलोमीटर है। झारखेड़ा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-46 आगरा के साथ अपने जंक्शन से शुरू होता है, मुंबई रोड जो बैरसिया (एसएच-23), विदिशा (एनएच-86 एक्सटेंशन), कुरवाई (एसएच-14), मुंगावली, चंदेरी, पिछोर को जोड़ता है और राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर दिनारा में समाप्त होता है।
एनएच से इन क्षेत्रों की कनेक्टिविटी
राष्ट्रीय राजमार्ग प्रदेश के शिवपुरी व अशोक नगर जिलों से होकर गुजरता है। यह हिस्सा चंदेरी, गोधन, बुढ़ानपुर, बिजरावां, नया गांव, पिपरा अछरौनी, शिवपुरी, हीरापुर, नयागांव और सुजवाह्य गांवों से होकर गुजरता है। उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश से अंतर्राज्यीय-कनेक्टिविटी की सुविधा प्रदान करता है। परियोजना के क्रियान्वयन से इस खंड पर ट्रैफिक सघनता कम होगी और सड़क सुरक्षा में भी सुधार होगा।