KUNO NATIONAL PARK - मध्यप्रदेश की जंगल बुक में 2 चीता शावकों की दस्तक,वीरा फिर बनी मॉ

Bhopal Samachar

भोपाल। मध्यप्रदेश के शिवपुरी-श्योपुर जिले की सीमा पर स्थित कूनो नेशनल पार्क में मंगलवार को मादा चीता वीरा ने 2 चीतों शावकों को जन्म दिया हैं। इन दो नए मेहमान के आगमन के बाद कूनो में चीतों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है। इसमें से 12 व्यस्क चीते है और 14 शावक है। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने चीतों की धरती में 2 नए चीतों के आगमन पर खुशी जताते हुए अधिकारियों, चिकित्सकों और फील्ड स्टाफ को इन पर नजर रखने के लिए कहा है।

सीएम मोहन यादव ने X पर साझा की फोटो
सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दोनों शावकों की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा है- नन्हे चीतों की किलकारी से फिर गूंजा कूनो। मध्य प्रदेश की 'जंगल बुक' में 2 चीता शावकों की दस्तक। सीएम ने लिखा- मुझे ये जानकारी साझा करते हुए काफी खुशी हो रही है कि मध्यप्रदेश की धरती पर चीतों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

आज मादा चीता वीरा ने 2 नन्हे शावकों को जन्म दिया है। मध्यप्रदेश की धरती पर चीता शावकों का स्वागत है। प्रदेशवासियों को इन नन्हे शावकों के आगमन पर हार्दिक बधाई देता हूं। सीएम यादव ने प्रोजेक्ट से जुड़े सभी अधिकारियों, चिकित्सकों और फील्ड स्टाफ को बधाई दी।

उन्होंने लिखा- इनके अथक परिश्रम के परिणामस्वरूप आज मध्यप्रदेश को 'चीतों की धरती' के नाम से भी जाना जाता है। चीतों का कुनबा निरंतर बढ़ने से प्रदेश के पर्यटन को नई उड़ान मिल रही है, जिससे रोजगार के नये द्वार खुल रहे हैं। हम चीतों के साथ ही सभी वन्यजीवों के संरक्षण, संवर्धन और पुनर्स्थापना के लिए हमेशा तैयार हैं। इस प्रोजेक्ट से जुड़े सभी अधिकारियों, चिकित्सकों व फील्ड स्टाफ को हार्दिक बधाई, आप सभी के प्रयास सराहनीय हैं।

कूनो से फिर आई खुशखबरी, सिंधिया का एक्स पर पोस्ट

मादा चीता वीरा ने दो नन्हें शावकों को जन्म दिया, इस नवीन खुशखबरी के लिए सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई। मध्य प्रदेश में निरंतर समृद्ध होता वन्यजीव, वन्यजीव संरक्षण के प्रति हमारी सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

केंद्रीय वन मंत्री बोले- दोनों शावकों का स्वागत

केंद्रीय वन और पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने भी कूनो में चीतों के आगमन को लेकर X पर पोस्ट किया। उन्होंने कहा- बसंत ऋतु की शुरुआत के साथ कूनो की हवा में अंतहीन खुशी और उत्साह भर जाता है। हम कूनो राष्ट्रीय उद्यान में दो नए चीता शावकों के आगमन का स्वागत करते हैं। दक्षिण अफ्रीका के त्वालू कालाहारी रिजर्व से लाई गई मादा चीता वीरा (5) ने आज 2 शावकों को जन्म दिया है।