SHIVPURI में WIFE खरीदने उत्तर प्रदेश से आ गया युवक, YOUTUBE से पता चला शिवपुरी में मंडी भरती है

Bhopal Samachar

शिवपुरी। कहते है गूगल बाबा कलयुग का जिन्न है वह आपको गूगल इंजन पर जाकर सर्च करना है और सब कुछ हाजिर हो जायेगा,लेकिन स्क्रीन पर। ऐसा की कुछ सर्च करके उत्तर प्रदेश से एक युवक लडकियो की शॉपिंग करने शिवपुरी आ गया।

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी का सोनेलाल मौर्य 35 साल का हो गया, लेकिन अभी तक शादी नहीं हुई। उसे यूट्यूब पर धड़ीचा प्रथा के तहत शिवपुरी में लड़कियों की मंडी लगने का पता चला, ट्रेन से यहां आ गया। यहां मंडी की तलाश करने लगे। इसी बीच उसकी मुलाकात पत्रकारों से हो गई।

सोनेलाल का कहना है कि शिवपुरी के बारे में सुना था यहां धड़ीचा प्रथा के तहत शादी कराई जाती है। शादी के लिए लड़कियों की मंडी भी भरती है। मंडी में 15 हजार से 4 लाख तक का रेट रहता है। यह सब जानकारी उसे यूट्यूब और इंटरनेट पर मिली। इन सब बातों पर विश्वास करके ही वह शादी की चाह में शिवपुरी आया।

आईटीआई के बाद बिजनेस किया, लेकिन शादी नहीं हुई

सोनेलाल मौर्य ने बताया कि उसने आईटीआई किया है। हिंदी-अंग्रेजी टाइपिंग भी आती है। वर्तमान में वह जड़ी-बूटी का व्यापार कर अच्छा खासा पैसा भी कमाता है। इसके बावजूद शादी नहीं हो पा रही है। वह शादी के लिए कई मैरिज ब्यूरो, वेबसाइट के जरिए भी अपनी शादी का प्रयास कर चुका है, लेकिन बात नहीं बनी। इस दौरान कई बार ठगी का भी शिकार हो चुका है।

YOUTUBE और सोशल मीडिया पर मिला शिवपुरी का नाम

सोनेलाल मौर्य ने बताया कि उसके छोटे भाई की शादी पक्की होने वाली है। इससे उसे ज्यादा घबराहट होने लगी थी। उसने कई यूट्यूब चैनल और वेबसाइटों पर शिवपुरी के बारे में पढ़ा और देखा था। जिसमें बताया गया था कि शिवपुरी में पत्नी बनाने के लिए लड़कियों का फरवरी में मेला भरता हैं और जिन लोगों की शादी नहीं हो रही होती है, उनकी यहां शादी करा दी जाती हैं।

सोने लाल ने बताया कि सोशल मीडिया पर देखा था कि यहां लड़कियों की मंडी भी भरती हैं। इस मंडी में कुछ लोग रुपए लेकर एग्रीमेंट के आधार पर कुंवारे लड़कों की शादी कराते हैं। उसका कहना है कि वह शादी नहीं होने से परेशान हो चुका है। इसके चलते वह शिवपुरी शादी के लिए लड़की की तलाश में आया है।