KUNO NATIONAL PARK : वीरा मादा चीता प्रेग्नेंट,​ दीपावली तक आ सकती है खुशखबरी

Bhopal Samachar

भोपाल। शिवपुरी और श्योपुर जिले की सीमा पर स्थित कूनो  नेशनल पार्क में चीता प्रोजेक्ट को लेकर जल्द ही एक बार फिर खुशखबरी मिलने वाली है। एक मादा चीता गर्भवती है और वह दीपावली के आसपास शावकों को जन्म दे सकती है। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने गर्भवती मादा चीता का फोटो और उसके जल्द मां बनने की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर दी है। कूनो प्रबंधन के अधिकारियों ने दीपावली तक यह खुशखबरी आने की बात कही है।

वीरा चीता गर्भवती

बता दें, इस समय कूनो नेशनल पार्क में 12 वयस्क और 12 चीता शावक हैं। अगस्त महीने में प्रजनन के लिए मादा चीता वीरा के साथ बाड़े में एक नर चीता को रखा गया था। हालांकि उसका नाम स्पष्ट नहीं किया गया है। अब वीरा में गर्भ के पूरे लक्षण स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।

वीरा, निआशा और ज्वाला बन चुकी हैं मां

आशा और ज्वाला शावकों को जन्म दे चुकी हैं। ज्वाला ने तो जनवरी, 2024 में दूसरी बार शावकों को जन्म दिया था। डीएफओ थिरूकुराल आर का कहना है कि कूनो पार्क में एक मादा चीता जल्द ही मां बनने वाली है। गाइडलाइन के अनुसार हम मादा चीता का नाम स्पष्ट नहीं कर सकते,वही अभी तक वीरा, निर्भा और धीरा तीन मादा चीता ऐसी हैं जो अब तक मां नहीं बनी हैं।

चीता प्रोजेक्ट में हुई गड़बड़ी पर जवाब तलब

नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथाेरिटी, भारत सरकार ने वाइल्ड लाइफ एक्टिविस्ट अजय दुबे की शिकायत पर मप्र सरकार वन विभाग से चीता प्रोजेक्ट में हुई गड़बड़ी पर जवाब तलब किया है। कूनो नेशनल पार्क में हुई चीतों की मौत और चीता प्रोजेक्ट में हुई गड़बड़ी के विषय को लेकर वन्य जीव जंतु एवं पर्यावरण प्रेमियों ने 7 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट का घेराव कर केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव व मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के नाम ज्ञापन भी दिया गया था।

वाइल्ड लाइफ एक्टिविस्ट की शिकायत पर पांच बिंदुओं पर जांच शुरू करने की मांग की गई है। ज्ञापन में चीता प्रोजेक्ट के नियमों का उल्लंघन कूनो नेशनल पार्क के डीएफओ और सिंह परियोजना के डायरेक्टर उत्तम शर्मा पर लगाया था।