SHIVPURI NEWS - स्टूडेंट को कार ने रौंदा, चार बहनो का इकलौता भाई था, पिता भी घायल

Bhopal Samachar

शिवपुरी। शिवपुरी शहर के देहात थाना सीमा में ककरवाया फोरलेन बाईपास तिराहे के पास स्थित कृष्णा होटल के सामने रात 9:30 बजे एक तेज रफ्तार कार ने ई-स्कूटी को उड़ा दिया। ई-स्कूटी पर पिता-पुत्र सवार थे। इस हादसे में 12 साल के पुत्र की मौत हो गई,वही पिता गंभीर रूप से घायल है। कार सवार बाप—बेटे को रौंदकर फरार हो गया,सबूत के लिए कार की नंबर प्लेट वही छोड गया है। देहात थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार जवाहर कॉलोनी शिवपुरी निवासी रणवीर सिंह उम्र 12 साल पुत्र वीरेंद्र सिंह पवार की शुक्रवार को सड़क हादसे में मौत हो गई है। जबकि हादसे में मृतक का पिता वीरेंद्र सिंह पवार उम्र 48 पुत्र स्व. रामसिंह घायल है।

बताया जा रहा है कि पिता वीरेंद्र सिंह पवार अपने बेटे रणवीर सिंह पवार के संग दोस्त से मिलने शुक्रवार को बांसखेड़ी गए थे। इलेक्ट्रिक स्कूटी से वापस घर लौट रहे थे। तभी ककरवाया फोरलेन तिराहे से पहले कृष्णा होटल के पास कार ने टक्कर मार दी। हादसे में रणवीर और पिता वीरेंद्र घायल हो गए। डायल 100 व 108 पर लोगों ने कॉल लगा दिया।

रात 10 बजे परिजन भी पहुंच गए। दोनों घायलों को पहले जिला अस्पताल शिवपुरी भर्ती कराया। दोनों को जीएमसी शिवपुरी रेफर कर दिया। ज्यादा गंभीर हालत को देखते हुए रणवीर सिंह को ग्वालियर रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही रणवीर सिंह की मौत हो गई। वहीं पिता को भी ग्वालियर भर्ती कराया है।

चालक कार सहित भागा, टूटकर गिरी नंबर प्लेट पुलिस ने जब्त की

शुक्रवार की रात हादसे के बाद चालक कार सहित मौके से भाग निकला। घायल-पिता पुत्र को अस्पताल पहुंचाने तक का प्रयास नहीं किया। पीछे से टक्कर मारने की वजह से वीरेंद्र को ज्यादा चोट आई थी। दुर्घटना स्थल पर कार की टूटकर गिरी नंबर प्लेट पड़ी मिली है। देहात थाना पुलिस ने नंबर प्लेट जब्ती में ले ली है। ग्वालियर आरटीओ से जारी नंबर प्लेट के नंबर एमपी 07 सीई8668 के आधार पर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

चार बहनों में इकलौते भाई की मौत से परिवार गम में डूबा

मृतक रणवीर सिंह चार बहनों में इकलौता भाई था। हादसे में हुई रणवीर सिंह की मौत से पूरा परिवार गम में डूबा है। मां व बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता वीरेंद्र सिंह मारुति वैन गाड़ी से कपड़ा बेचने का काम करते थे। रणवीर घर के पास ही निजी स्कूल में कक्षा 7वीं में पढ़ा था।