SHIVPURI NEWS - हेडपंप को लेकर सीएमओ और उपाध्यक्ष में भिड़ंत, कोलारस विधायक ने शांत कराया

Bhopal Samachar

कोलारस। शिवपुरी जिले के कोलारस विधायक महेंद्र सिंह यादव ने जनता दरबार लगाया था। इस जनता दरबार में कोलारस के नगर परिषद के सीएमओ ओर नगर परिषद के उपाध्यक्ष एक हेडपंप को लेकर आपस में भिड़ गए। विवाद को उग्र होता देख विधायक महोदय को बीच मे आना पड़ा और उन्हें इस विवाद को शांत किया। इस विवाद में स्पष्ट भाजपा नेताओं की पीड़ा सामने दिखाई दी कि भाजपा सरकार में भाजपा नेताओं की भी सुनवाई नहीं होती है।

जानकारी के मुताबिक़ कोलारस विधानसभा से भाजपा विधायक महेंद्र सिंह यादव ने आज कोलारस कस्बे के रेस्ट हाउस में आमजन की समस्या को सुनने के लिए जनसुनवाई लगाई थी। इस दौरान कई विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी जनसुनवाई में मौजूद रहे थे। क्षेत्र के कई लोग अपनी समस्या लेकर विधायक के पास पहुंचे थे। यहां विधायक ने लोगों की जायज समस्या को सुनकर संबंधित अधिकारियों को जल्द जल्द लोगों की समस्या के निदान के निर्देश के दिए थे।

विधायक की जनसुनवाई में नगर परिषद के भाजपा से उपाध्यक्ष रोहित बंसल भी पहुंचे हुए थे। तभी उपाध्यक्ष ने विधायक की जनसुनवाई में असुनवाई के आरोप नगर परिषद प्रबंधन पर लगा दिए। उपाध्यक्ष ने कहा कि कई दिनों से एक हैंडपंप सुधरवाने के लिए नगर परिषद के जिम्मेदारों से बोल चुका हूं। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई हैं।

इसी दौरान मौके पर मौजूद नप सीएमओ संजय श्रीवास्तव बोल पड़े और उन्होंने नप उपाध्यक्ष रोहित बंसल से यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि आपके द्वारा सूचना उन्हें नहीं दी गई। वहीं नप उपाध्यक्ष जिम्मेदारों को अवगत कराने की बात कहते हुए नजर आये। सीएमओ और उपाध्यक्ष के बीच बढ़ती गहमागहमी को देखते हुए विधायक महेन्द्र यादव ने नप उपाध्यक्ष को बैठाया और सीएमओ को जल्द खराब पड़े हैंडपंप को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।