SHIVPURI NEWS - बीमार पति को अस्पताल में छोड़कर पत्नि मायके वालों के साथ फरार, लव मैरिज की थी

Bhopal Samachar

शिवपुरी। शिवपुरी जिला अस्पताल में सड़क हादसे में घायल हुए पति का इलाज करा रही पत्नि अपने बीमार पति को छोड़कर मायके वालों के साथ फरार हो गई। इलाज करा रहे पति ने बताया कि उसने लव मैरिज की थी और उसके गायब होने के पीछे उसके मायके वालों का हाथ है। बिस्तर पर पड़े घायल युवक की पत्नि बहुत देर तक लौटकर नहीं आई जब उसने पत्नि को तलाश किया तो वह उसे नहीं मिली,इसके बाद युवक ने पत्नि गायब होने की सूचना पुलिस को दी है।

बाइक हादसे में घायल हुआ था युवक

शिवपुरी के बैराड़ थाना क्षेत्र के खोदा गांव के रहने वाला नवाब बाल्मीकी ने बताया कि डेढ़ साल पहले उसने सुभासपुरा थाना क्षेत्र के इंदरगढ़ गांव की रहने वाली काजल बाल्मीकी के साथ घर से भागकर शादी की थी। काजल के परिजनों को यह शादी मंजूर नहीं थी। इसके बाद वह अपनी पत्नी के साथ डेढ़ साल से खोदा गांव में ही रह रहा था। दो रोज पूर्व वह अपने भाई के साथ उसकी ससुराल जा रहा था। इसी दौरान ईसागढ़-अशोकनगर मार्ग पर बाइक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई थी। घायल होने के बाद उसे व् उसके भाई को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी पत्नी काजल भी जिला अस्पताल आ चुकी थी।

ससुरालियों पर पत्नी भगाने का आरोप

नवाब वाल्मीकि ने बताया कि उसके ससुराल वाले उससे मिलने आज जिला अस्पताल जयपुर से कार में सवार होकर आये थे। कुछ देर बाद काजल की भाभी उसे बाहर से सामान दिलाने के बहाने अपने साथ ले गई थी। कुछ देर बाद उसके दो साले और सास भी बाहर निकल गए थे। जब काफी देर तक काजल वापस नहीं लौटी तब उसने अपनी पत्नी की तलाश की। हालांकि, वह नहीं मिली थी। नवाब वाल्मीकि ने बताया उसके ससुराली भी कार समेत लापता हो गए थे। उसके ससुराली उसकी पत्नी काजल को अपने साथ ले गए हैं। इसकी शिकायत आज उसने एसपी ऑफिस में दर्ज कराई हैं।