SHIVPURI NEWS - जेल जाने के डर से अपने आप में आग लगाने वाले युवक अशोक की मौत

Bhopal Samachar

कोलारस। शिवपुरी जिले के कोलारस अनुविभाग की लुकवासा चौकी में निवास करने वाले युवक का अपनी पत्नि से विवाद होने के  बाद कोर्ट में भरण पोषण का केस चल रहा था। इस केस में कोर्ट ने युवक के खिलाफ बीते रोज वारंट जारी हुआ था। इसी वारंट के डर से युवक ने डीजल डालकर रविवार को आग लगा ली थी, सोमवार को युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

लुकवासा निवासी अशोक रघुवंशी उम्र 40 साल का उसकी पत्नी रेखा से कई साल पहले विवाद हो गया था। अशोक शराब का शौकीन था और उसने अपनी पत्नी रेखा को मारपीट कर भगा दिया था।

रेखा अपने दो बच्चों के साथ मायके रह रही थी और पति अशोक पर भरण पोषण का केस कोर्ट में कर दिया था। कोर्ट ने हर माह 10 हजार रुपए पत्नी को देने के आदेश दिए थे। जब अशोक ने यह राशि जमा नहीं कराई तो कोर्ट ने अशोक के खिलाफ वारंट जारी किया और अशोक ने जेल जाने के डर से खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। सोमवार को उसकी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।