SHIVPURI NEWS - जिला अस्पताल में स्टाफ और संसाधनों की कमी, पलंग बढ़ाए जाने की कवायद शुरू

Bhopal Samachar

शिवपुरी। मेडिकल कॉलेज बनने के बाद माना जा रहा था कि जिला अस्पताल पर मरीजों का बोझ कम हो जाएगा और यहां की व्यवस्थाएं कुछ हद तक बेहतर हो जाएंगी। लेकिन वास्तविकता में ऐसा हुआ नहीं। डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल आज भी क्षमता से अधिक मरीजों का उपचार कर रहा है। ऐसे में यहां मरीजों और स्टाफ दोनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के समाधान के लिए अधिकारी अब अस्पताल की क्षमता 400 बिस्तर से बढ़ाकर 600 बिस्तर की करवाने की कवायद में लगे हुए हैं, ताकि जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को उचित सेवाएं और सुविधा मिल सकें।

वर्तमान में 619 पलंग

सिविल सर्जन डॉ. बीएल यादव का कहना है कि वह जब इस अस्पताल में पोस्टेड हुए थे, उससे पहले ही यहां पर उन्हें 604 पलंग मिले थे। इसके बाद जरूरत पड़ने पर उन्होंने भी यहां 15 पलंग बढ़वाए। ऐसे में वर्तमान में 400 पलंग के अस्पताल में 619 पलंग हैं। उनके. अनुसार 2022 में भी एक बार जिला अस्पताल. को 600 बिस्तरीय करने का प्रस्ताव भेजा गया था। हम प्रयास कर रहे हैं कि 600 बिस्तर स्वीकृत हो जाएं। खास बात यह है कि वर्तमान में जिला अस्पताल में 619, पलंग होने के बावजूद कई बार ऐसी स्थिति बन जाती है कि एक पलंग पर दो-दो मरीजों को एडमिट होना पड़ता है।

600 पलंग के यह होंगे फायदे
डॉक्टरों, नर्सों, वार्ड ब्याय, सुरक्षाकर्मी सहित अन्य स्टाफ की संख्या बढ़ जाएगी।
संसाधन भी बढ़ जाएंगे, जिससे मरीजों को दी जाने वाली सुविधा बढ़ेंगी।