SHIVPURI NEWS - इतिहास को याद रखने वाला शिवपुरी की स्टूडेंट का मॉडल राज्य ​स्तरीय प्रतियोगिता में सिलेक्ट

Bhopal Samachar

पिछोर। विज्ञान प्रतियोगिता सत्र 2023-24 में जिले से माध्यमिक विद्यालय गोचोनी जनपद पिछोर की छात्रा रितु लोधी का इतिहास की घटनाओं को कैसे याद करें इस मॉडल पर राज्य स्तरीय विज्ञान प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया है। छात्रा 11 एवं 12 सितंबर को जबलपुर में होने वाली राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में अपने मॉडल का प्रदर्शन करेगी।

एपीसी मुकेश पाठक ने बताया नई शिक्षा नीति में छात्रों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित कर उसकी क्षमताओं को बढ़ाने पर जोर दिया गया है। इसलिए राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देश पर विद्यालयों में विज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में सफल छात्रों को जनपद एवं जिला स्तरीय विज्ञान प्रतियोगिता में शामिल किया जाता है।

इसके बाद संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट मॉडल को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया जाता है। एपीसी श्री पाठक के अनुसार इस बार संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में जिले से 11 छात्रों ने अपने मॉडल का प्रदर्शन किया था इनमें से पोहरी और करैरा से 4-4 एवं पिछोर से 3 छात्रों ने भागीदारी की थी। इनमें से पिछोर जनपद की छात्रा रितु लोधी के मॉडल को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया। छात्रा रितु ने बताया इतिहास विषय की घटनाओं की तिथि याद करने में छात्रों को बड़ी दिक्कत आती थी इस मॉडल के माध्यम से इन घटनाओं को सहज में ही याद किया जा सकता है।

बीआरसीसी सुरेश कुमार गुप्ता ने छात्रा की उपलब्धि पर कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पिछोर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। पहली बार जिले से विज्ञान मॉड्यूल का चयन राज्य स्तरीय विज्ञान मेले के लिए हुआ है। निश्चित ही इस मॉडल को राज्य स्तर पर भी चयनित होने की संभावना है। छात्रा को इसके लिए प्रमाणपत्र और पुरस्कृत किया जाएगा। जिला स्तर पर भी कलेक्टर द्वारा सम्मानित कराए जाने का प्रयास करेंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को प्रोत्साहन मिलेगा और छात्रों की स्किल डेवलपमेंट होगी।