SHIVPURI NEWS - प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के झाड़ू पर CMHO ने पोछा लगा दिया - एक्सरे @ ललित मुदगल

Bhopal Samachar

शिवपुरी। मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और शिवपुरी के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को शिवपुरी का दौरा चर्चाओ मे रहा। इस दौरे में मीडिया को फुल मटेरियल मिला। प्रभारी मंत्री ने जिला अस्पताल सहित कोलारस,पोहरी और बदरवास के अस्पताल का निरीक्षण किया। इस परीक्षण में 02  एफआईआर और कोलारस के CBMO को हटा दिया,कार्यवाही शानदार थी लेकिन जैसे ही कोलारस बीएमओ को हटाने का आदेश वायरल हुआ वैसे ही प्रभारी मंत्री के झाड़ू पर पोछा लग गया।

पहले समझे हुआ क्या था

मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर गुरुवार की रात 11 बजे कोलारस के स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। यहां उन्होंने वार्डों का निरीक्षण किया, लेकिन उन्हें वार्डों में गंदगी मिली। इसी दौरान मंत्री ने वार्डों में भर्ती प्रसूताओं से चर्चा कर उन्हें मिलने वाली सेवाओं और भोजन व्यवस्थाओं के बारे में जाना था। यहां प्रसूताओं से मिल अव्यवस्थाओं की जानकारी से नाराजगी जाहिर की और उन्होंने तत्काल कोलारस के स्वास्थ्य केंद्र के सीबीएमओ डॉ सुनील कुमार खंडोलिया पद हटाए जाने निर्देश दिए।

सीबीएमओ पर आरोप यह भी था कि वह कभी भी अपने मुख्यालय पर नही रहते है वह संतुष्टि में अपने विला में आराम करते है। इसके बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी संजय ऋषीश्वर ने कार्यालय आदेश जारी पर सीबीएमओ को हटाकर डॉ विवेक शर्मा को सीबीएमओ बनाया हैं। डॉ सुनील कुमार खंडोलिया को जिला मुख्यालय के कार्यालय पर अटैच किया गया हैं।

अब ऐसे लगाया गया झाड़ू पर पोंछा

प्रभारी मंत्री के आदेश के बाद डॉ सुनील खंडोलिया को शिवपुरी मुख्यालय पर अटैच कर दिया, लेकिन प्रभारी मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी संजय ऋषीश्वर ने उन्हें सजा में उपकृत कर दिया। सजा के पात्र डॉ को कोलारस मुख्यालय के मुखिया के पद से हटाकर जिला लेवल पर अधिकारी बना दिया।

यह लिखा है आदेश में
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कोलारस के पत्र क्रमांक /896 दिनांक 26.09.2024 में उल्लेखित बिन्दु कमांक 1 लगायत 5 अनुसार डॉ. सुनील कुमार खंडोलिया सी.बी.एम.ओ. सामु. स्वा. केन्द्र कोलारस मुख्यालय पर निवास नही करते है। सामु. स्वा. केन्द्र पर प्रसूता की भोजन व्यवस्था मीनू अनुसार नही पायी गई एवं साफ सफाई व्यवस्था गुणवत्तापूर्ण नहीं मिली है।

प्रशासकीय कार्य सुविधा की दृष्टि से डॉ. सुनील कुमार खंडोलिया सी.बी.एम.ओ. सामु. स्वा. केन्द्र कोलारस को प्रभारी जिला स्वास्थ्य अधिकारी-2 स्थानीय कार्यालय का प्रभार सौंपा जाता है एवं डॉ. विवेक शर्मा मेडिकल ऑफीसर सामु. स्वा. केन्द्र कोलारस को प्रभारी सी.बी.एम. ओ. का प्रभार दिया जाता है।
आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा ।
(डॉ. संजय ऋषीश्वर)
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला शिवपुरी म.प्र.

यह सवाल उठता है कि
कोलारस के सीबीएमओ को सजा के रूप में वहां से हटाया गया था, प्रभारी मंत्री ने कोलारस से कचरे को साफ किया और सीएमएचओ ने उसे अपने ऑफिस में सजा लिया। किसी भी प्रकार की वेतन वृद्धि नहीं रोकी गई,एक भी दिन का वेतन नहीं काटा गया। कुल मिलाकर डॉ सुनील अब सीएमएचओ ऑफिस में पावर नंबर 2 हो गए। सीधी भाषा में लिखा जाए तो वह जिला लेवल पर बैठकर विभागीय योजनाओं की समीक्षा करेंगे, सीबीएमओ लेवल के अधिकारियों को दिशा निर्देश देगें। इस पूरे प्रकरण से प्रभारी मंत्री को भी साइलेंट मैसेज दिया गया है कि स्वास्थ्य विभाग में किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं चलेगा।