SHIVPURI NEWS - आयुष्मान महा अभियान से नदारद 2 सुपरवाइजर निलंबित, सीएचओ का वेतन कटा

Bhopal Samachar

शिवपुरी। कलेक्टर शिवपुरी के निर्देशानुसार 12 जुलाई से 20 जुलाई 2024 तक चलाए जा रहे आयुष्मान महा अभियान में सीधे जिला अधिकारियों द्वारा की जा रही मॉनिटरिंग के बावजूद कार्य से नदारत रहने वाले दो सुपरवाईजरों को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पवन जैन द्वारा निलंबन की कार्यवाही की गई वहीं सीएचओ को सात दिवस का मानदेय काटा गया।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से ज्ञात हुआ है कि कलेक्टर जिला शिवपुरी रविन्द्र कुमार चौधरी द्वारा आयुष्मान भारत निरामय योजना अंतर्गत आयुष्मान कार्ड बनाए जाने हेतु विशेष अभियान 12 जुलाई से 20 जुलाई 2024 तक चलाया गया है। इसमें स्वास्थ्य, पंचायत, महिला एवं बाल विकास विभाग,  मध्य प्रदेश आजीविका मिशन , ई दक्ष केन्द्र के अधिकारी कर्मचारियों को लगाया गया है। शत प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति हो इस हेतु जिला अधिकारी स्वयं क्षेत्र में जाकर कार्य की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

कोलारस विकासखंड में मॉनिटरिंग के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पवन जैन को उप स्वास्थ्य केन्द्र गढ पर पदस्थ मूल रूप से एमपी डब्लू प्रभारी सुपर वाईजर मंजूर खान तथा उप स्वास्थ्य केन्द्र बेहटा पर पदस्थ प्रभारी सुपरवाइजर ब्रजेश श्रीवास्तव अनुपस्थित पाए गए। जिसके चलते दोनों पर निलंबन की कार्यवाही की गई। इसी प्रकार एचडब्ल्यूसी बसई पर पदस्थ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर नरेंद्र यादव के सात दिवस का मानदेय काटा गया है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पवन जैन ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को आयुष्मान महा अभियान में लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्यवाही की चेतावनी दी है।