SHIVPURI NEWS - खेड़ापति कॉलोनी वाले पाल परिवार पर दहेज का एक्ट का मामला दर्ज,​ नवविवाहिता को घर से भगाया

Bhopal Samachar

करैरा। शिवपुरी जिले के करैरा थाने में 22 साल की नवविवाहिता की शिकायत पर शिवपुरी शहर की खेड़ापति कॉलोनी में रहने वाले ससुसालियो पर दहेज एक्ट का मामला दर्ज कराया है। नवविवाहिता का कहना था कि शादी के एक साल के अंदर ही ससुरालियों ने दहेज मे कार की डिमांड करते हुए मारपीट शुरू कर दी और घर से भगा दिया।

जानकारी के मुताबिक करैरा थाना क्षेत्र के टोडा मंगलपुरा की रहने वाली 22 वर्षीय रंजना पाल की शादी 8 मई 2023 को शिवपुरी के खेड़ापति कालोनी काली माता मंदिर के पास रहने वाले अभिषेक पाल से हुई थी। बताया गया है लड़के वालों ने रिश्ता तय होते समय अभिषेक पाल को बैंक मैनेजर बताया था। इसके चलते रंजना पाल के परिजनों ने दहेज में एक बाइक, 8 लाख 75 हजार नगद और अन्य सामान दिया था। शादी का कुल खर्चा 15 लाख से भी ज्यादा आया था।

रंजना पाल ने करैरा थाना में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि दो महीने तक तो उसके ससुरालियों ने अच्छे से रखा लेकिन इसके बाद पति कार की मांग करने लगा था। यह बात उसने अपने पिता को बताई थी। पिता ने समाज की पंचायत में सुलह का रास्ता निकालने का प्रयास किया लेकिन उसका पति नहीं माना और कार की मांग पर अड़ा रहा। इसमें उसकी सास रामकुमारी व ससुर नरेन्द्र ने भी अपने बेटे का ही पक्ष लिया था।

इसके बाद 9 जून की शाम उसके पति अभिषेक पाल, सास रामकुमारी व ससुर नरेन्द्र ने मारपीट कर घर से भगा दिया। तभी से वह अपने मायके में रह रही है और आज अपने परिजनों के साथ शिकायत दर्ज कराने पहुंची। पुलिस ने रंजना पाल की शिकायत पर पति अभिषेक पाल, सास रामकुमारी व ससुर नरेन्द्र के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर लिया हैं।