SHIVPURI NEWS - कोलारस में कनकेश्वरी देवी : 22 मार्च तक चलेगी रामकथा,निकली आज कलश यात्रा

Bhopal Samachar

कोलारस। शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे में गुरुवार से राम कथा धर्मशाला हनुमान मंदिर के सामने शुरू हो चुकी है। श्री राम कथा राष्ट्र संत मां कनकेश्वरी देवी के मुखारविंद से सुनाई जाएगी। श्री राम कथा से पहले आज कोलारस कस्बे में रामलीला मैदान से भव्य कलश यात्रा की शुरुआत हुई।

इस कलश यात्रा में 1100 कलश लेकर महिलाएं कन्या चलीं। इसके साथ एक डीजे बैंड के साथ एक बग्गी पर श्री राम दरबार के स्वरूप को विराजमान किया गया था। साथ ही कलश यात्रा में कार में सवार होकर राष्ट्र संत मां कनकेश्वरी देवी भी साथ चली थी। इस कलश यात्रा में 2 हजार के करीब धर्म प्रेमियों ने हिस्सा लिया।


कलश यात्रा की शरुआत गुरुवार की सुबह 9 बजे रामलीला मैदान से हुई। कलश यात्रा सदर बाजार, खटीक मोहल्ला, जगतपुर चौराहा, एबी रोड़,बस स्टैंड, एप्रोच रोड़ होते हुए दोपहर 1 बजे धर्मशाला हनुमान मंदिर पर पहुंची जहां पूजन के बाद राष्ट्र संत मां कनकेश्वरी देवी की मुखारबिंद से दो बजे से श्रीराम कथा का आगाज हुआ।

कोलारस कस्बे में निकाली गई भव्य कलश यात्रा का नगर में जगह जगह पुष्पवर्षा और शीतल पेय से स्वागत हुआ। श्रीराम कथा महोत्सव आयोजन समिति द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक़ धर्मशाला हनुमान मंदिर के सामने श्रीराम कथा आज 14 मार्च से शुरू हो चुकी है जो 22 मार्च तक जारी रहेगी।


इसके अलावा हर रोज देर शाम वृंदावन से पधारे कलाकारों ने रासलीला का भी आयोजन किया। बता दें कि राष्ट्र संत मां कनकेश्वरी देवी के द्वारा कोलारस कस्बे में 15 साल बाद श्री राम कथा कही जायेगी। इससे पहले राष्ट्र संत मां कनकेश्वरी देवी कोलारस कस्बे में तीन बार श्री राम कथा कर चुकी है।