SHIVPURI NEWS - करैरा के संदीप की आंखों के सामने ही समेट ले गए ठग सोने-चांदी के गहने, पढिए कैसे

Bhopal Samachar
करैरा। शिवपुरी जिले के करैरा कस्बे के एक घर की अलमारी के खराब लॉक को सुधारने के नाम घर में घुसकर 2 ठग अलमारी में रखे लाखों के जेवरात और नगदी चुराकर ले गए। पीड़ित को चोरी का पता दो दिन बाद लगा। धोखाधड़ी का शिकार होकर लाखों का नुकसान उठाने वाले पीड़ित ने इसकी शिकायत करैरा थाना में दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात 2 ठगों की तलाश शुरू कर दी है। बता दें कि दोनों ठग CCTV में भी कैद हुए हैं।

करैरा कस्बे की न्यू कॉलोनी के राम जानकी मंदिर गली में रहने वाले वाले संदीप तोमर पुत्र करण सिंह तोमर ने बताया कि 22 फरवरी की दोपहर मेरी गली में अलमारी की चाबी या लॉक सुधारने का काम करने वाले दो अज्ञात लोग आए थे। मैने दोनों लोगों से घर में रखी अलमारी के खराब लॉक के बारे में बताया था। दोनों ने अपने आप को अलमारी से जुड़े कार्य करने बाला डबरा का कुशल कारीगर बताया था।

संदीप ने बताया कि इसके बाद वह दोनों को घर के अंदर रखी अलमारी के पास ले गया। जहां दोनों ने मिलकर अलमारी के खराब लॉक को सुधारने का कार्य शुरू कर दिया इस दौरान वह पास में ही बैठा रहा। इसके बाद दोनों ने कहा कि मैन लॉक में चाबी फंस कर टूट गई। जिससे वह लॉक हो गया। हम दोनों कल पूरा सामान लेकर आएंगे। टूटी हुई चाबी को निकाल कर नई चाबी बनाकर लगा देंगे। इतना कहकर दोनों लोग घर से चले गए थे।

हालांकि, अगले दिन में दोनों का इंतजार करता रहा। लेकिन अलमारी के खराब लॉक को सुधारने दोनों लोग नहीं आए। इसके बाद मैनें 24 फरवरी को अलमारी में लगे लॉक को तोड़कर देखा तो अलमारी में रखा एक सोने का बड़ा मंगल सूत्र, 4 सोने की अंगूठी, सोने के टोक्स एवं 2 हजार रुपए नगद गायब थे।

तब उसे अपने साथ हुई धोखाधड़ी का मालूम चला। दोनों ठग छल पूर्वक अलमारी का लॉक सुधारने समय अलमारी मे रखे सोने के जेवरात व रुपए धोखाधड़ी कर निकाल लिए और लॉक मे चाबी तोड़कर चले गए थे। पुलिस ने इस मामले में बीती रात अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया हैं।