SHIVPURI NEWS - गौ हत्या का पाप- पंचो ने भागवत कराने की सजा तो दबंगों ने टपरे को फूक दिया

Bhopal Samachar
खनियाधाना। खबर शिवपुरी जिले के पिछोर अनुविभाग के खनियाधाना थाना सीमा के नदनवारा में एक परिवार के बछड़े की ट्रैक्टर के नीचे आने से मौत होने पर दबंगों ने ऐसी सजा दी कि उनके टपरे में ही आग लगा दी। आगजनी की घटना में 03 भैंस बुरी तरह से झुलस गई हैं। उनके शरीर की त्वचा इतनी झुलस गई कि मांस बाहर निकल गया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात पर आगजनी का मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार पांच दिन पहले दयाराम झा का भतीजा मनोज झा अपने बछड़े को गांव से दूर छोड़ने जा रहा था। रास्ते में बछड़ा ट्राली से नीचे कूद गया और ट्रैक्टर के पिछले टायर के नीचे आकर मर गया। इसके बाद गांव में पंचायत बैठी और झा परिवार को गौ हत्या का दोपी माना। इसके बाद पुरानी परंपरा के अनुसार परिवार इलाहाबाद में गंगा स्नान कर आया और गांव के मंदिरों के लिए पांच पांच हजार रुपए भी लिए।

इसके बाद पंचो ने परिवार से भागवत कथा कराने को लिए कहा जिसको भी उसने स्वीकार लिया। इसके बाद भी परिवार को पिछले दो-तीन दिन से परेशान किया जा रहा था। जब उनके सदस्य हैंडपंप पर पानी भरने गए तो उसे अपवित्र करने का आरोप लगाकर उसका हत्था तोड़ दिया।

दयाराम ने बताया कि हमें इस तरह से प्रताड़ित करने के बाद रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब दो बजे किसी ने घर के पीछे बने भैंसों के टपरे में आग लगा दी। इसमें तीन भैंस झुलस गई। चारा और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। इसमें करीब 50 हजार का नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवार से पुलिस से सुरक्षा दिलाए जाने की गुहार भी लगाई है। पुलिस ने दयाराम की शिकायत पर तीन अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है।