शिवपुरी में COLD WAVE : टूटा 6 साल का रिकॉर्ड ,अधिकतम और न्यूनतम का पारा लुढ़का

Bhopal Samachar
शिवपुरी। शिवपुरी जिले में ठंड का अटैक पुन:हुआ है,सूर्यदेव के प्रकट होने के बाद भी चलने वाली शीतलहर दिन में भी लोगों को कंपा रही है। शीतलहर के कारण जनवरी में रहने वाले सामान्य तापमान भी नीचे आ गया है हवी न्यूनतम तापमान भी लगातार गिर रहा है। दिन भर चलने वाली 10 किलोमीटर से चलने वाली हवा ने शिवपुरी जिले का 6 साल का रिकॉर्ड तोड तोड दिया है।

सर्दी ने इस बार 6 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिसमें जनवरी में सबसे ज्यादा सर्दी पड़ी है। गुरुवार को भी यहां सुबह 10 बजे तक कोहरा छाया रहा। इसके बाद धूप तो खिली, लेकिन इससे लोगों को ज्यादा राहत नहीं मिल पाई। क्योंकि यहां दिनभर करीब 10 किमी की रफ्तार से सर्द हवाएं चलती रहीं। इससे लोग दिनभर सर्दी में ठिठुरते नजर आए।

जनवरी 2017 में जनवरी में कड़ाके की सर्दी पड़ी थी, जिसमें न्यूनतम तापमान 20 दिनों तक 6 डिग्री के करीब रहा था, लेकिन इसके बाद 2018 से लेकर 2023 तक जनवरी में तापमान सामान्य रहा, लेकिन इस बार फिर जनवरी में तापमान सामान्य से कम चला गया है। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री तक कम रहा है तो न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री तक कम चल रहा है।

ऐसे में यहां सर्दी तेज पड़ रही है। जिसका कारण कोहरा छाने के साथ 10 किमी की रफ्तार से चल रही सर्द हवाएं हैं। यहां गुरुवार को भी सुबह 10 बजे तक कोहरा छाया रहा, इसके बाद धूप खिली। सुबह 7 बजे तक कोहरे के कारण दृश्यता महज 100 मीटर रह गई थी। दिन में धूप खिलने के बाद भी लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिली। क्योंकि यहां दिन के समय में करीब 10 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से सर्द हवाएं चल रही थीं। जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। लोग सुबह व शाम के समय में सर्दी के कारण अलाव व हिटरों के सहारे सर्दी से बचते नजर आए।

सामान्य से 3.6 डिग्री कम रहा अधिकतम तापमान: गुरुवार को सर्द
हवा के चलते अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जो कि सामान्य से 3.6 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया। यहां न्यूनतम तापमान भी सामान्य की तुलना में 3 डिग्री तक कम रहा। तापमान में गिरावट का कारण सर्द हवाएं रहीं। जिसके चलते दिनभर लोग सर्दी से परेशान रहे। वहीं कोहरे के बीच सर्द हवा होने के बावजूद स्कूली बच्चे सुबह-सुबह तैयार होकर स्कूल गए। यहां स्कूलों का समय भले ही प्रशासन ने 9 बजे किया हुआ था, लेकिन सर्दी में इससे कोई अंतर नहीं पड़ रहा है। यहां बच्चों को सर्दी के बीच ही स्कूल जाना पड़ रहा है।

एक सप्ताह इसी तरह जारी रहेगा सर्दी का दौर
मौसम में फिलहाल सर्दी से लोगों को कोई राहत नहीं मिलेगी। यहां एक सप्ताह तक इसी तरह से कोहरा रहेगा और तापमान में गिरावट जारी रहेगी। मौसम विशेषज्ञ गुरुदत्त मिश्रा ने बताया कि शिवपुरी में तापमान में गिरावट का दौर एक सप्ताह तक जारी रहेगा।

इसके बाद 10-15 दिनों तक सर्दी तो रहेगी, लेकिन तापमान सामान्य की श्रेणी में आ जाएगा। जिससे धूप खिली रहेगी और हवाओं की रफ्तार कम होगी। इससे लोगों को सर्दी से थोड़ी राहत मिलेगी। लेकिन अभी की स्थिति में ऐसी कोई संभावना नहीं है।

फसलों के लिए नुकसानदायक हो सकता सर्दी का यह मौसम
गेहूं की फसल में फिलहाल इस मौसम से कोई नुकसान नहीं है। लेकिन कृषि विशेषज्ञ इसमें सिंचाई करने से मना कर रहे हैं ताकि पौधा गले नहीं। जबकि सब्जी की फसलों में कोहरे व नमी से नुकसान हो सकता है। इसके अलावा सरसों व धनिया की फसल में फूल झड़ने से पैदावार घट सकती है। क्योंकि इसके कारण पौधे की ग्रोथ नहीं होगी और दाना छोटा रह जाएगा। इससे किसानों को नुकसान होगा। ऐसे में किसान उक्त मौसम के बीच अब बेबस नजर आ रहे है। क्योंकि तेज सर्दी का असर उनकी फसलों पर पड़ रहा है।

अभी नहीं मिलेगी राहत
शिवपुरी में अभी सर्दी से राहत नहीं मिलेगी, एक सप्ताह तक इसी तरह सर्दी जारी रहेगी। जिसमें तापमान में गिरावट जारी रहेगी। शुक्रवार को भी शिवपुरी में कोहरा छाया रहेगा। यहां दिन के समय मुश्किल ही धूप खिलेगी। अभी यहां पाला पड़ने जैसी स्थिति तो नहीं है, लेकिन हवाओं के चलते गलन अधिक रहेगी।
गुरुदत्त मिश्रा, वैज्ञानिक,