SHIVPURI NEWS - भदैया कुंड के कैफेटेरिया पर सन्नाटा, फिर बुलाई गई संचालित करने को निविदाएं यह है अंतिम डेट

Bhopal Samachar
शिवपुरी। पर्यटन स्थल 'भदैया कुंड पर एनजीटी द्वारा नए नियम लागू करने के बाद यहां पर संचालित हो रहे कैफेटेरिया का संचालन बंद हो चुका है। इसके चलते पर्यटक स्थल की स्थिति भी बदतर हो रही है। यहां पहुंचने वाले पर्यटक निराश हो रहे हैं। अब एक बार फिर प्रशासन ने यहां कैफेटेरिया के लिए निविदा आमंत्रित की हैं।

कुछ माह पहले भी लगभग इन्हीं शर्तों के साथ निविदाएं आमंत्रित की गई थीं, लेकिन किसी ने भी यहां कैफेटेरिया के संचालन में रूचि नहीं दिखाई। इसे बंद पड़े हुए सालभर से अधिक समय बीत चुका है। इससे प्रशासन को राजस्व का 'भी नुकसान हो रहा है।

जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद शिवपुरी द्वारा छत्री रोड स्थित पर्यटन स्थल भदैया कुंड पर निर्मित कैफेटेरिया का 07 वर्ष की अवधि के संचालन हेतु प्रतिमाह किराए के आधार पर देने का निर्णय लिया है। इसके लिए 20 दिसंबर से तीन जनवरी तक आवेदन किए जा सकेंगे।

प्राप्त निविदायें 4 जनवरी को उपस्थित व्यक्तियों अथवा उनके प्रतिनिधियों के समक्ष कलेक्ट्रेट शिवपुरी में दोपहर 03 बजे खोली जाएगी। इसके लिए तीन लाख की सुरक्षा निधि भी देना होगी। यहां कैफेटेरिया को लेकर सबसे बड़ी परेशानी इसके संचालन के नियम की है।

एनजीटी के निर्देशों के अनुसार यहां पर अब नेशनल पार्क के नियम लागू हो रहे हैं। इसके चलते सूर्यास्त के बाद यहां संचालन नहीं किया जा सकता है। यही सबसे बड़ी परेशानी का कारण बन रहा है। इसके अलावा वहां संगीत बजाने से लेकर देखरेख संबंधी कई शर्तें जोड़ी गई हैं।