SHIVPURI NEWS - विधायक चुनने मतदान करने गया था वीर सिंह, घर में लग गई आग, सब कुछ खाक

Bhopal Samachar
कोलारस। शिवपुरी जिले के कोलारस अनुविभाग के इंदार थाना क्षेत्र में एक ग्रामीण मतदान करने गया था। इसी दौरान उसके कच्चे मकान में अज्ञात कारणों के चलते आग भड़क गई। आगजनी की इस घटना से ग्रामीण को हजारों रुपए का नुकसान उठाना पड़ा है। हालांकि ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग पर काबू पाया लेकिन तब तक घर का सारा सामान जलकर खाक हो चुका था।

जानकारी के मुताबिक, वीर सिंह यादव पुत्र शंकर सिंह यादव आम्हारा गांव के बाहर खेत पर अपने परिवार के साथ निवास करता है। आज वीर सिंह यादव मतदान करने के लिए मतदान केंद्र की ओर निकला था इस दौरान वीर सिंह की पत्नी खेत पर काम कर रही थी।

तभी वीर सिंह को अपने कच्चे मकान में आज की लपटे उठती हुई दूर से दिखाई दी। वीर सिंह के मकान की छत घास-फूस के छपरे से बनी हुई थी। इसके चलते आग ने और रफ्तार पकड़ ली और देखते ही देखते घर में रखा हुआ सारा सामान जलकर खाक हो गया।

वीर सिंह ने बताया कि उसके घर में रखे पहनने और ओढ़ने-बिछाने के सभी कपड़े जल कर खाक हो गए। इसके अलावा अलमारी, दीवान, कूलर और खाने-पीने की सामग्री सहित अनाज भी जलकर खाक हो गया। वीर सिंह ने बताया कि घर में 4 तोला सोना करीब 20 से 25 हजार रुपए नगद भी रखे हुए थे। वह भी जलकर खाक हो गए।