SHIVPURI NEWS - ​अमित शाह का रोड शो, कांग्रेस ने कई सालों तक मध्यप्रदेश को अंधेरे में रखा, 4C फॉर्मूला पर चलती है

Bhopal Samachar
शिवपुरी। आज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जिले की करैरा विधानसभा में आम सभा को संबोधित किया साथ ही अमित शाह ने क्षेत्र में रोड शो भी किया जिसमें सडको पर जनसैलाब देखने को भी मिला।

गृहमंत्री ने करेरा की कृषि उपज मंडी प्रांगण में विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी 4C फॉर्मूला पर चलती है। C फॉर करप्शन, C फॉर कमीशन और C फॉर कम्युनल दंगे और C फॉर क्रिमिनल की पॉलिटिक्स की पार्टी है। गृह मंत्री ने आमसभा को संबोधित करते हुए कमलनाथ पर निशाना साधा कहा कि अगर मध्य प्रदेश में कमलनाथ की सरकार आई तो वह सरकार की योजनाओं को बंद कर देगे। किसानों की योजनाएं भी बंद हो जाएंगी। कांग्रेस ने कई सालों तक मध्यप्रदेश को अंधेरे में रखा। मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बनाया। दूसरी तरफ भाजपा की सरकार ने 18 साल में किसान, पिछड़ा, दलित, आदिवासी, महिला, युवा हर एक के लिए काम किया।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज शिवपुरी के दौरे पर है। उन्होंने करैरा में जनसभा को संबोधित किया। यहां से उनका 40 KM लंबा रोड शो शुरू हो गया। सबसे पहले वे सिरसौद रवाना हो गया। उनके साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया और स्थानीय भाजपा नेता मौजूद है। रोड-शो के दौरान अमित शाह जगह-जगह रथ सभाएं कर रहे हैं।रोड-शो के दौरान ग्रामीणों ने अमित शाह का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान स्वागत और रथ सभा में सैंकड़ो की संख्या में भीड़ जुट गई।

शाह ने लगाए कमलनाथ पर कई गंभीर आरोप

कमलनाथ हिम्मत है तो जवाब दो: मैं कमलनाथ से कहने आया हूं कि जरा भी हिम्मत है तो मेरी बातों का जवाब देना। कमलनाथ 2002 में जब मध्यप्रदेश छोड़कर गए, तब यहां सिर्फ 23 हजार करोड़ का बजट था। आज 2023 में भाजपा की 18 साल की सरकार में 3 लाख 18 हजार करोड़ रुपए का बजट विकास के लिए बना है।

घर भरने का काम किया:18 साल पहले जब बंटाधार की सरकार थी, तब हर गांव में बिजली, रोड, सिंचाई की व्यवस्था थी क्या? ये कांग्रेस पार्टी को जब-जब शासन मिला, अपने घर भरने का काम किया।

अंबेडकर का अपमान किया: कांग्रेस के लोग अंबेडकर जी का फोटो लगाकर घूमते हैं। कांग्रेस ने अंबेडकर जी का जीवन भर अपमान किया है। जब तक कांग्रेस की सरकारें रहीं उन्होंने अंबेडकर जी को भारत रत्न नहीं रहने दिया। वो संसद में न आएं इसके लिए हमेशा षड्यंत्र किया।

कमीशन खोरी का उद्योग: कमलनाथ ने एमपी में कमीशन खोरी का उद्योग स्थापित किया। शिवराज जी ने 51 से ज्यादा गरीब कल्याणकारी योजना चालू की। लेकिन अगर कमलनाथ आ गया तो ये योजनाएं बंद हो जाएंगी, किसान को मिलने वाला 12000 भी बंद हो जाएगा। कमलनाथ इतनी आयु हो गई, अभी पेट भरा नहीं क्या।

पुलवामा-उरी का बदला लिया: जब मनमोहन की सरकार थी, पाकिस्तान से आल्या-माल्या-जमाल्या घुस जाते थे। बम धमाके करते थे। मनमोहन की जुबान सिल जाती थी। मोदी जी प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने पुलवामा और उरी अटैक का बदला लिया। एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक की।

धारा 370 को गोद में खिलाया: 70 साल से कांग्रेस पार्टी एक अनुरस संतान की तरह धारा 370 को गोद में खिलाने का काम करती रही। लेकिन मोदी जी धारा 370 को उखाड़कर फेंक दिया और कश्मीर को भारत का अटूट हिस्सा बना दिया। राहुल बाबा कहते थे धारा 370 मत हटाइए। खून की नदियां बह जाएंगी। इतने साल हो गए, किसी की कंकड़ उठाने तक की हिम्मत नहीं हुई।

राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होगी: कांग्रेस राम मंदिर के प्रश्न को लटका रही थी, अटका रही थी, भटका रही थी। मोदीजी ने एक दिन चुपचाप जाकर अयोध्या में भूमिपूजन कर दिया। राहुल बाबा पूरे देश में गदर मचाते थे कि मंदिर वहीं बनाएंगे, लेकिन तारीख नहीं बताएंगे। राहुल बाबा अब सुन लो, 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।