SHIVPURI NEWS - पोहरी के कार्यकर्ता सम्मेलन मे बोले सिंधिया खतरे में है कांग्रेस, प्रचंड बहुमत से जीतेगी भाजपा

Bhopal Samachar
शिवपुरी जिले की पोहरी विधानसभा क्षेत्र में आज केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बैराड़ और पोहरी कस्बे में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर मजबूती से भाजपा का झंडा बुलंद करने का मंत्र दिया है।

इस दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि आखिरकार मैं दिग्विजय सिंह की मदद कब तक करूं ? जब तक मैं कांग्रेस में था तब भी उनको चैन नहीं था और अब जब मैं बीजेपी में हूं, तब भी वह मेरे से मदद की उम्मीद करते हैं। आखिर आप ही बताइए कि मैं उनकी मदद कहां तक और कब तक करूं।

कांग्रेस के साथ कमलनाथ और दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए सिंधिया ने कहा कि दिग्विजय सिंह और कमलनाथ कांग्रेस में रहने वाले ऐसे लोग हैं जिन्होंने मूल कार्यकर्ता के साथ खिलवाड़ किया है, जो न कांग्रेस को शोभा देता है और न इन दोनों नेताओं को।

कांग्रेस की मजबूत सीट भी अब खतरे में

सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों को इस बार भाजपा ने चुनावी मैदान में उतारा है। इस सवाल पर सिंधिया ने कहा कि मध्यप्रदेश में जो विधानसभा सीट कांग्रेस के पास थी। वह भी खतरे में पड़ गई हैं। हम उन सीटों को भी जीत सकेंगे। जिन सीटों पर हम कांग्रेस से पिछले कुछ चुनाव में हारे हैं। वहां भी अब कांग्रेस खतरे में है। इसके अतिरिक्त बाकी सीटों पर कांग्रेस पहले से ही खतरे में थी। इस बार भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ मध्य प्रदेश में सरकार बनाने जा रही हैं।