SHIVPURI NEWS - भाजपा में टिकिट वितरण से नाराज ब्राह्मण समाज की 29 अक्टूबर को प्रेस वार्ता, होटल मातोश्री

Bhopal Samachar
शिवपुरी। विधानसभा 2023 को लेकर भाजपा के द्वारा घोषित उम्मीदवारों की सूची में ब्राह्मण समाज से कोई भी प्रत्याशी ग्वालियर चम्बल संभाग में घोषित नहीं किया है। इससे ब्राह्मण समाज को प्रतीत हो रहा है कि भाजपा ने समाज की उपेक्षा की है। ब्राह्मण समाज में भाजपा को लेकर असंतोष व्याप्त है।

इसी संदर्भ में 29 अक्टूबर रविवार को दोपहर 2 बजे शिवपुरी जिला मुख्यालय पर होटल मातोश्री में पत्रकार वार्ता आयोजित की गईर् है। जिसमें समाज के बन्धु आगामी चुनाव की रणनीति पर विचार विमर्श करेंगे।

ब्राह्मण समाज की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में राजेन्द्र दुबे खजूरी, पुरूषोत्तमकांत शर्मा, अरूण भार्गव, महेश शर्मा, रामकुमार भार्गव ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने ग्वालियर चम्बल संभाग की लगभग सभी सीटों पर पार्टी की ओर से ब्राह्मण समाज में से कोई प्रत्याशी घोषित नहीं किया है।

भाजपा के इस निर्णय से अशोकनगर, गुना, शिवपुरी, श्योपुर, ग्वालियर सहित मुरैना जिले में निवास करने वाले लगभग पांच लाख ब्राह्मण मतदाताओं की उपेक्षा हुई है। हिन्दुत्व को सनातन से जोड़ कर सभी वर्गों में काम करने वाली भारतीय जनता पार्टी में सनातनी कर्मकाण्डी ब्राह्मण समाज की प्रत्याशी चयन प्रक्रिया में जो उपेक्षा की है।

इससे समाज में असंतोष है। शिवपुरी ब्राह्मण समाज ने भाजपा के इसी निर्णय को लेकर पत्रकार वार्ता का आयोजन कर अपनी बात रखने का मन बनाया है। जिसमें समाज के नागरिक आगामी राजनैतिक रणनीति पर चर्चा करेंगे।