SHIVPURI NEWS- कोलारस के महेंद्र यादव मुश्किल में, रविंद्र शिवहरे का भोपाल अप डाउन

Bhopal Samachar
शिवपुरी कोलारस विधानसभा सीट पर कुछ दिनों पहले तक भारतीय जनता पार्टी से श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कारण महेंद्र यादव का टिकट पक्का माना जा रहा था परंतु श्री बैजनाथ सिंह यादव के कांग्रेस में वापस जाने, श्री देवेंद्र जैन कि श्री सिंधिया से मुलाकात और अब श्री अमित यादव (महेंद्र यादव के दामाद) का कथित ऑडियो वायरल हो जाने के बाद श्री महेंद्र यादव की स्थिति काफी कमजोर हो गई है। इस ऑडियो में श्री सिंधिया के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है। इधर श्री रविंद्र शिवहरे ने भोपाल अप डाउन शुरू कर दिया है। अक्सर राजधानी में दिखाई दे रहे हैं। 

कोलारस में भाजपा के पास कई विकल्प

कोलारस विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के लिए महेंद्र यादव मजबूरी नहीं है। पार्टी के पास कई अच्छे विकल्प मौजूद हैं। श्री देवेंद्र जैन ना केवल भाजपा के वरिष्ठ नेता है बल्कि कोलारस के पूर्व विधायक भी हैं। श्री सुरेंद्र शर्मा, युवा और नया चेहरा है। संगठन में मजबूत पकड़ है और पिछले 5 सालों से कोलारस क्षेत्र में सक्रिय हैं। श्री रविंद्र शिवहरे किसी पहचान के मोहताज नहीं है। पिछले कुछ दिनों में उन्होंने जिस प्रकार वरिष्ठ नेताओं के सामने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है। इससे उनकी स्थिति मजबूत हो गई है और स्वाभाविक तौर पर श्री महेंद्र यादव का टिकट अब काफी मुश्किल में है। 

महाराज कह चुके हैं मेरे भरोसे मत रहना

श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया स्वयं यह स्पष्ट कर चुके हैं कि, टिकट का निर्धारण भाजपा की पॉलिसी के अनुसार होगा। वह यह भी कह चुके हैं कि ग्वालियर चंबल उनका गढ़ नहीं है, क्योंकि भाजपा में किसी नेता का कोई गढ़ नहीं होता। लोकसभा चुनाव जीतने के लिए उन्हें अपने समर्थकों के अलावा भारतीय जनता पार्टी के मूल कार्यकर्ताओं के समर्थन की भी आवश्यकता है। ऐसी स्थिति में श्री महेंद्र यादव के लिए अपना वीटो लगा कर, श्री सिंधिया भाजपा के मूल कार्यकर्ताओं की नाराजगी मोल लेना पसंद नहीं करेंगे। क्योंकि दूसरे विकल्प में श्री सिंधिया के पास भाजपा के कार्यकर्ताओं का समर्थन होगा और श्री महेंद्र यादव कहां जाएंगे, श्री बैजनाथ सिंह यादव के कारण कांग्रेस के दरवाजे भी उनके लिए बंद हो चुके हैं।