SHIVPURI NEWS - घर के बहार फंदे पर लटकी मिली युवक की लाश, परिजनो बोले हत्या है, सरंपच सहित 5 पर FIR

Bhopal Samachar
करैरा। खबर शिवपुरी जिले के करैरा थाना सीमा में आने वाले गांव टोरिया खुर्द गांव से मिल रही है कि गांव में निवास करने वाले युवक का शव बुधवार की सुबह फांसी के फंदे पर घर के बहार लटका मिला है। युवक घर से गणेश विसर्जन की कहकर निकला था। परिजनों ने गांव के सरपंच सहित पांच लोगों पर मारपीट के आरोप लगाए हैं और थाने में पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की गई। पुलिस ने सरपंच और उसके चार सहयोगियों के खिलाफ दुष्प्रेरण की धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

मृतक के चाचा नरेश जाटव ने बताया कि हमारी पुरानी रंजिश गांव के सरपंच महेंद्र ठाकुर से चल रही थी। परसों महेंद्र ने दिनेश जाटव को जान से खत्म करने की धमकी दी थी। मंगलवार की रात दिनेश जाटव गांव के गणेश विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इस दौरान दिनेश के साथ सरपंच महेंद्र सिंह ठाकुर, शंकर वाल्मीकि, रामपाल ठाकुर, वीरेंद्र वाल्मीकि भोला वाल्मीकि ने चुनावी रंजिश के चलते गांव के बाहर मारपीट कर दी थी। बुधवार सुबह दिनेश जाटव का शव घर के बाहर फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला।

मृतक दिनेश की रानी जाटव ने बताया कि हमारा परिवार गांव में रहता है। मेरे पति ने गांव के बाहर सड़क पर मकान बनवा लिया था। जिसमें मवेशी बंधे रहते है। उन्ही की देखरेख करने के लिए मेरे पति रात के समय मकान पर रहते थे। रानी जाटव का आरोप है कि सरपंच महेंद्र सिंह ठाकुर, शंकर वाल्मीकि, रामपाल ठाकुर, वीरेंद्र वाल्मीकि भोला वाल्मीकि ने घर में घुसकर मारपीट की फिर प्लास्टिक की रस्सी से फांसी लगाकर लटका दिया।

करैरा थाना प्रभारी सुरेश शर्मा का कहना है कि मृतक का शव सुबह उसके घर पर फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला था। सुबह मृतक के भाई की शिकायत पर मर्ग कायम कर जांच की गई थी। बाद में मृतक की पत्नी की शिकायत पर सरपंच महेंद्र सिंह ठाकुर, शंकर वाल्मीकि, रामपाल ठाकुर, वीरेंद्र वाल्मीकि भोला वाल्मीकि के खिलाफ दुष्प्रेरण की धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।