उल्टा वीरेंद्र, यशोधरा को डांटे

Bhopal Samachar
भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर कोलारस से विधायक चुने गए श्री वीरेंद्र सिंह रघुवंशी कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं और कहा जा रहा है कि विधानसभा चुनाव 2023 में शिवपुरी विधानसभा से यशोधरा राजे सिंधिया के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। जब इस बारे में पत्रकारों ने यशोधरा राजे से प्रश्न किया, कौन वीरेन्द्र वही ना जो कोलारस से 700 वोटो से चुनाव जीता था। इसके जवाब में श्री वीरेंद्र रघुवंशी ने वीडियो बनाकर अपलोड किया है। कहा है कि यह उनका नहीं बल्कि कोलारस की जनता का अपमान है। 

कुछ समीक्षा कुछ सवाल

कितनी अजीब बात है, एक ऐसा व्यक्ति कोलारस की जनता के सम्मान की बात कर रहा है, जो खुद कोलारस की जनता को लावारिस छोड़कर शिवपुरी आ गया। यदि सचमुच जनसेवा का संकल्प लिया है तो चुनाव अधिसूचना जारी होने तक कोलारस में रहना चाहिए था। 

कितनी अजीब बात है, एक ऐसा व्यक्ति अपने निजी विषय को कोलारस की जनता का अपमान बता रहा है, जो 4 दिन पहले उस समय अपने कर्तव्य से भाग गया, जब कोलारस के किसान सूखे के संकट से सहमे हुए हैं। किसान एक-एक यूनिट बिजली के लिए परेशान हैं और उनका विधायक भोपाल से शिवपुरी तक अपना स्वागत करवा रहा है। 

हाल ही में एजवारा गांव में 140 गांव के भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। भाजपा के श्री योगेंद्र यादव ने खुलेआम कहा कि, उनकी पार्टी के विधायक ने कोलारस में किस प्रकार भाजपा के कार्यकर्ताओं से पक्षपात किया है। कार्यकर्ताओं को कितना पीड़ित होना पड़ा है। इससे पहले श्री हरिओम रघुवंशी ने ना केवल खरी-खोटी सुनाई बल्कि ऐलान किया कि "वीरेंद्र रघुवंशी को शिवपुरी में भी नहीं छोडूंगा"। कुल मिलाकर श्री वीरेंद्र रघुवंशी के प्रति तीखी टिप्पणी करने वालों में यशोधरा राजे सिंधिया पहला और आखरी नाम नहीं है। 

सबसे महत्वपूर्ण बात, जैसा कि श्री वीरेंद्र रघुवंशी ने कहा कि 2018 के चुनाव में विषम परिस्थितियों में कोलारस की जनता ने उन्हें जिताया। यानी उनकी जीत में भारतीय जनता पार्टी का कोई योगदान नहीं है। यह जीत उनकी व्यक्तिगत जीत थी, तो फिर उन्हें अपनी उस जनता के साथ रहना चाहिए, जिसका कथित अपमान होने पर उन्होंने वीडियो जारी किया। 

कितनी अजीब बात है

कितनी अजीब बात है, कोलारस की जनता परेशान है, किसानों पर सूखे का संकट मंडरा रहा है, सिंचाई के लिए बिजली नहीं मिल रही है, जनता का अपमान भी हो रहा है, और उनका विधायक शिवपुरी में महिलाओं को अपने घर बुलाकर अपना स्वागत करवा रहा है। जबकि श्री वीरेंद्र रघुवंशी को कोलारस में किसानों को बिजली मुहैया कराने के लिए आमरण अनशन पर बैठे होना चाहिए। ऐसे संकट के समय में भोपाल से लेकर शिवपुरी तक, यह जो स्वागत करवाया गया है, असल में यह कोलारस की जनता का अपमान है। जनता ने जिस व्यक्ति को विषम परिस्थितियों में अपना विधायक चुना, वह व्यक्ति संकट के समय जनता को छोड़कर चला गया, यह जनता का सबसे बड़ा अपमान है।