SHIVPURI NEWS- उर नदी में डूबे युवक की लाश अभी तक नहीं मिली, SDRF की टीम तलाश में जुटी

Bhopal Samachar
पिछोर। शिवपुरी जिले के पिछोर अनुविभाग के बमोरकला थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में रहने वाला 28 वर्षीय युवक शुक्रवार की शाम उर नदी को पार करते डूब गया था। जिसका आज शनिवार शाम तक भी सुराग नहीं लग सका है। हालांकि मौके पर एसडीआरएफ की टीम लापता युवक की तलाश में जुटी हुई है।

जिला पंचायत सदस्य सियाराम लोधी ने जानकारी देते हुए बताया कि पिपरा गांव का रहने वाला भारत सिंह लोधी के माता-पिता संग्राम लोधी और शारदा लोधी चंदेरी थाना क्षेत्र के बूढ़ी चंदेरी गांव से सटे क्षेत्र में बहने वाली उर नदी के किनारे कृषि फार्म पर गाय भैंस का पालन करते है। भारत सिंह लोधी शुक्रवार की दोपहर अपने माता-पिता को राशन देने के लिए गया हुआ था। कृषि फार्म पर जाने के लिए भारत सिंह लोधी ने उर नदी को पार कर लिया था लेकिन वापस लौटते वक्त वह नदी में डूब गया।

भारत सिंह लोधी का अब तक सुराग नहीं लग सका है। भारत सिंह लोधी को लापता हुए 24 घंटे से ज्यादा का वक्त गुजर चुका है। जिला पंचायत सदस्य सियाराम लोधी ने बताया कि अशोकनगर जिले की एसडीआरएफ की टीम भारत सिंह लोधी की तलाश में जुटी हुई है इसके बावजूद अब तक भारत सिंह लोधी का सुराग नहीं लगा है। इसी के चलते उन्होंने शिवपुरी प्रशासन से भी युवक को तलाशने के लिए मदद की गुहार लगाई है। बता दें कि भारत सिंह लोधी की तीन बेटियां हैं।