करैरा में महिलाओ के साथ धोखाधडी,फर्जी खाते खोलकर 30 से 40 लाख रु. का फर्जी ट्रांजेक्शन

Bhopal Samachar

करैरा। करैरा के ढकुरई गांव में 11 महिलाओं के धोखे से इंडिया पोस्टपेमेंट बैंक (आईपीपीबी) में खाते खोलकर 30 से 40 लाख रु. का फर्जी ट्रांजेक्शन कर दिया है। महिलाओं ने पहले एसपी ऑफिस, फिर करैरा पुलिस थाने पहुंचकर लिखित शिकायत की है। दतिया जिले के गोंगईगांव के दो युवकों पर धोखे से खाते खोलने का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की है।

ढकुरई गांव की 11 महिलाओं ने पुलिस को आवेदन दिया है कि ग्राम पंचायत द्वारा मनरेगा जॉब कार्ड के लिए इंडिया पोस्टपेमेंट बैंक (आईपीपीबी) में खाते खुलवाने थे। पंचायत सचिव ने खाते खुलवाने चाहे तो पहले से खुले होने का मैसेज आने लगा। शनिवार को प्रधान डाक घर दफ्तर पहुंचे तो गांव की 11 महिलाओं के नाम से 26 फरवरी 2023 को खाते खुले होने का पता चला। इन खातों में लाखों 2 लाख से लेकर 3 लाख रु. और इससे भी अधिक ट्रांजेक्शन पाया। लगभग 30 से 40 लाख रु. का फर्जी लेनदेन हुआ है। उसी दिन एसपी ऑफिस में लिखित शिकायत कर दी, फिर करैरा पुलिस थाने में आवेदन दिया है।

इन महिलाओं के 26 फरवरी को पीएनबी में खाते खुले थे, उसी दिन आईपीपीबी में भी धोखे से खोल दिए दतिया जिले के बड़ौनी थाने के गोंगईगांव के सोनू रावतऔर सुभाष रावत 26 फरवरी 2023 को पास के गांव में आए थे। लाडली बहना के लिए खाते खुलवाने दोनों को ढकुरई बुलवा लिया। ढकुरई गांव की महिला नीलम पत्नी मुकेश जाटव, वती पत्नी रामस्वरूप जाटव, रानी पत्नी भागीरथ जाटव, आरती अहिरवार पत्नी रामसिंह गौतम, केशकली पत्नी नारायण जाटव, शीला पत्नी मायाराम जाटव, प्रियंका पत्नी राजेंद्र जाटव, नीतू पत्नी अनोज जाटव, मीरा पत्नी मनीराम जाटव, मंजेश पत्नी मोहन जाटव और रामवती पत्नी प्रभु जाटव के पीएनबी में खाते खुल गए थे। उसी दौरान सोनू और सुभाष ने डबल बार अंगूठे लगवा लिए और धोखे से आईपीपीबी में भी खोते खोल दिए।

नरवर के युवक की आईडी का इस्तेमाल हुआ
ढकुरई की 11 महिलाओं के धोखे से आईपीपीबी खाते खुले हैं, उनमें फर्जी लेनदेन से स्पष्ट है कि ऑनलाइन ठगी गैंग में दतिया के गोंगईगांव के सोनू और सुभाष रावत भी सदस्य हैं। संभवत: उन्हीं ने खाते उपलब्ध कराकर फर्जी ट्रांजेक्शन कराया है। धोखे से खाते खोलने में सोनू व सुभाष ने नरवर के वीरेंद्र रावत निवासी ग्राम ढिंगवासा की आईपीपीबी आईडी का इस्तेमाल किया है। वीरेंद्र के बेटे प्रशांत का कहना है कि उसने गधाई के प्रमोद को आईडी दी थी, संभवतः उसने किसी और को दे दी।

रोजर पे से खातों में राशि आई, फिर पेटीएम खाते में ट्रांसफर की
ढकुरई की महिलाओं के खातों में रोजर-पे के जरिए राशि डिपोजिट हुई है। इसके बाद पेटीएम खातों में राशि ट्रांसफर की है। 26 फरवरी से ही खातों में ट्रांजेक्शन होने लगा था। 25 अगस्त 2023 तक खातों से राशि निकाली गई है।

महिलाओं के खातों पर केरल पुलिस ने होल्ड लगवाया है
ढकुरई गांव की महिलाओं के खातों पर केरल पुलिस ने होल्ड लगवाया है। महिलाओं की ओर से आवेदन आया है, जिसकी जांच करा रहे हैं। 
सुरेश शर्मा, टीआई, पुलिस थाना करैरा