शिवपुरी। खबर शिवपुरी जिले के कोलारस के तेंदुआ थाना क्षेत्र के राम राई गांव से मिल रही हैं जहां एक आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के 3 महिलाएं और 12 साल का बालक चपेट मेें आ गया। सभी घायलों को उपचार के लिए कोलारस के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया हैं आकाशीय बिजली गिरने से एक भैंस की भी मौत हुई हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम राम राई की रहने वाली एक ही परिवार की अनीता शाक्य पत्नी मुकेश शाक्य उम्र 27 वर्ष, कृष्णा शाक्य पत्नी उत्तम सिंह शाक्य 20वर्ष, खुशबू शाक्य पत्नी कुंवर राज शाक्य उम्र 25 वर्ष और एक 12 साल का बालक अरविंद शाक्य पुत्र जगदीश शाक्य बुधवार शाम 4 बजे अपने ही घर के आंगन में लगे पीपल के पेड़ के नीचे बैठे हुए थे।
इसी दौरान एकाएक पीपल के पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसके चलते तीनों महिलाओं सहित बालक आकाशीय बिजली की चपेट में आकर घायल हो गए। घायलों को ट्रैक्टर.ट्रॉली की मदद से कोलारस के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। इस घटना में गंभीर घायल हुई अनिता शाक्य को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल रैफर किया गया। बताया गया है कि आकाशीय बिजली गिरने से पीपल के पेड़ के पास बंधी शाक्य परिवार की भैंस की मौत हो गई है।