SHIVPURI NEWS- शिवपुरी नगर पालिका काराऐगी आवारा कुत्तों की नसबंदी,10 हजार से अधिक आवारा श्वानो की संख्या

NEWS ROOM
शिवपुरी।
शहर में तेजी से बढ़ रही श्वानों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए नगर पालिका शिवपुरी उनकी नसबंदी करवा रही है, जिसके लिए टेंडर भी फाइनल हो गया। शहर के लगभग 10 हजार श्वान हैं, जिनमें से नर श्वान की नसबंदी की जाएगी तथा प्रत्येक नसबंदी पर 309 रुपए का भुगतान होगा। महत्वपूर्ण बात यह है कि एनीमल लवर प्रियंका बुधोलिया का कहना है कि जिस संस्था को काम मिला है, वो एनीमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ इंडिया में रजिस्टर्ड नहीं है, जबकि सीएमओ का कहना है कि रजिस्ट्रेशन जरूरी नहीं है।

गौरतलब है कि शिवपुरी शहर. में श्वानों की संख्या में तेजी से न केवल इजाफा हो रहा है, बल्कि वे शहरवासियों को काट कर जख्मी भी कर रहे हैं। श्वानों की बढ़ती संख्या पर अंकुश लगाने के लिए नगर पालिका ने नर श्वानों की नसबंदी कराए जाने के लिए टेंडर कॉल किया था। जिसमें जय दुर्गे एनीमल संस्था का टेंडर फाइनल हो गया है तथा पीआईसी की बैठक में उसे हरी झंडी देकर नसबंदी का काम शुरू कराया जाएगा।

टेंडर लेने वाली संस्था शहर में नर श्वानों को पकड़कर उनकी नसबंदी करेगी, जिसमें उनकी डॉक्टरों की टीम व अन्य स्टाफ इस कार्य को करेगा। नपा के जिम्मेदारों का मानना है कि नसबंदी होने से एक ओर जहां श्वानों की संख्या घटेगी वहीं उनके काटने की घटनाएं भी कम हो जाएंगी। चूंकि श्वान की आबादी बढ़ने से उन्हें पर्याप्त भोजन आदि नहीं मिल पा रहा, जिसके चलते वो हिंसक होकर लोगों पर अटैक कर देते हैं।

पीआईसी में पास करके देंगे वर्क ऑर्डर

श्वानों की नसबंदी का टेंडर फाइनल हो गया है, तथा पीआईसी में स्वीकृत करके वर्क ऑर्डर दे दिया जाएगा। संस्था का रजिस्ट्रेशन जरूरी नहीं होता, उनके पास डॉक्टर व स्टाफ होना चाहिए। शहर में लगभग 10 हजार श्वान हैं, तथा यह टेंडर 10 लाख में हुआ है।
केशव सगर, सीएमओ नपा शिवपुरी