कलश स्थापना के साथ शुरू हुई चैत्र नवरात्रि, नववर्ष के स्वागत में जुटे हिंदूवादी संगठन- Shivpuri News

NEWS ROOM
शिवपुरी।
चैत्र शुक्ल प्रतिपदा विक्रम संवत 2080 हिंदू नववर्ष आज से प्रारंभ हो गया है और इसी के साथ ही 9 दिनों तक चलने वाला नवरात्र उत्सव की भी शुरुआत हो गई है। सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक 3 मुर्हूत रहेंगे। जिसमें घटस्थापना की जाएगी। घटस्थापना के साथ ही मां दुर्गा के 9 रूपों की आराधना शुरू हो जाएगी, जो 30 मार्च तक चलेगी। इस दौरान मंदिरों पर पारम्परिक मेले लगाए जाने की भी प्रथा है।

जिसके तहत मेले लगाए जाएंगे। शहर से दूर भयावन जंगल में स्थित मां बलारी के मंदिर में इस वर्ष बाघो के आ जाने से लगने वाले मेले पर ग्रहण लगता दिख रहा है। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों और भक्तों के बीच हुई वार्ता के बाद मेला करई गांव में लगाने का निर्णय लिया गया है। वहीं भक्तों को मां के दर्शनों के लिए मंदिर तक जाने की अनुमति करई गांव के होकर दी गई है। हिंदू नववर्ष के प्रारंभ होने पर आज सुबह हिंदूवादी संगठनों ने नववर्ष के स्वागत में शहर के प्रमुख चौराहा माधव चौक पर कार्यक्रम आयोजित किया। जिसमें आने जाने वाले लोगों को केसरिया तिलक लगाकर उनका अभिवादन किया। साथ ही शीतल पेयजल और ठंडाई का वितरण किया गया।

नववर्ष के शुभारंभ की पूर्व संध्या पर शहर और माता के मंदिरों को केसरिया रंग से सजाया गया और सुबह ब्रह मुर्हुत में उठकर भक्तों की टोली मंदिरों के लिए रवाना हो गई। शहर के प्रमुख चार प्राचीन राजराजेश्वरी, कैला देवी, काली माता और सिद्धेश्वर मंदिर पर भक्त पूजा के लिए पहुंचना शुरू हो गए हैं। मंदिरों पर लगी आकर्षक लाइटिंग लोगों का मन मोह रही है। वहीं हिंदूवादी संगठनों और विभिन्न सामाजिक संगठन नववर्ष के स्वागत में बाजारों में उतर गए और वहां सेवाभावी कार्य शुरू किए। घर-घर नववर्ष के स्वागत में केसरिया ध्वज लगाए गए और एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दी गई।

9 दिनों में 11 शुभ योग

चैत्र नवरात्रि के 9 दिनों में 5 रवि योग, 4 सर्वार्थ सिद्धि योग, 1 अमृत सिद्धि और 1 द्विपुष्कर योग बनेंगे। इनकी वजह से नवरात्रि की शुभता और बढ़ जाएगी। इस बार 5 राज योग में नवरात्रि की शुरुआत हो रही है। जिससे इन 9 दिनों में खरीददारी, लेन-देन, निवेश और अन्य कामों की शुरुआत करना शुरू रहेगा। इन योगों का शुभ फल लंबे समय तक दिखेगा। इस कारण कई लोगों के लिए सफलता और आर्थिक मजबूती देने वाला समय रहेगा। इस नवरात्रि लोगों के कल्याण के लिए योजनाएं बनेंगी और उन पर काम भी होगा। कई लोगों के लिए बड़े बदलाव वाला समय रहेगा।

नई शुरुआत के लिए प्रतिपदा, अष्टमी और नवमी तिथि शुभ

चैत्र नवरात्रि की प्रतिपदा, अष्टमी और नवमी तिथि नई शुरुआत के लिए शुभ मानी जाती है। इन तिथियों में खरीददारी और निवेश करने से फायदा मिलता है। इन दिनों में पूजा पाठ का भी विशेष शुभ फल मिलता है। चैत्र महीने के शुक्ल पक्ष के प्रतिपदा तिथि 22 मार्च को है। इस दिन शुक्ल और ब्रह्म नाम के दो शुभ योग बन रहे हैं। अष्टमी तिथि 29 मार्च को है। इस दिन शोभन और रवि योग रहेगा। जिसमें व्हीकल खरीददारी के लिए मुर्हुत है। नवमी 30 मार्च को रहेगी। इस दिन पुष्य नक्षत्र के संयोग में प्रॉपर्टी खरीददारी का विशेष मुर्हुत है।

नव संवत्सर पर बच्चों का नि:शुल्क दंत परीक्षण का आयोजन

नव संवत्सर एवं नव दुर्गा 22 मार्च से प्रारंभ होकर 29 मार्च तक चलेगी। इस मौके पर 22 मार्च 29 मार्च तक बाल दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. कांची उपाध्याय एवं डॉ. मोहित शर्मा विभागाध्यक्ष दंत चिकित्सा विभाग शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय शिवपुरी द्वारा श्री चिंताहरण डेंटल स्टूडियो राजेश्वरी रोड शिवपुरी पर सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक एवं शाम को 5 बजे से शाम 7:30 बजे तक बच्चों का निशुल्क दंत परीक्षण किया जाएगा। डॉ. कांची ने बताया कि अधिकतर दंपत्ति अपने बच्चों के दांत संबंधी बीमारियों पर ध्यान नहीं देते हैं और आगे चलकर बड़ी बीमारी हो जाती है इसलिए लोगों से आग्रह है अपने बच्चों का नि:शुल्क परीक्षण कराकर लाभ ले सकते है।