Karera News- अवध होटल पर कार सवार लोगों पर कट्टे से फायर, मामला प्रेम प्रसंग का- हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

NEWS ROOM
करैरा।
खबर शिवपुरी जिले के करैरा थाना सीमा में फोरलेन हाइवे पर स्थित एक होटल पर फायरिंग होने की खबर मिल रही है। घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है। गनीमत रही कि इस हमले में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ। करैरा थाना पुलिस ने शिकायत के बाद मामला दर्ज कर शिकायतकर्ता ने बताए गए हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पुष्पेंद्र सिंह चौहान निवासी नई तहसील ने बताया कि मैं अपनी थार कार से झांसी के लिए अपने परिचित के फलदान कार्यक्रम में शामिल होने गुरुवार रात में निकला था। मेरे साथ प्रिंस बुंदेला, बृजभान बुंदेला और प्रिंस परमार भी थार कार में सवार थे। रात करीब 10 बजे पानी की बोतल लेने मैने कार को टोडा हाईवे रोड किनारे अवध होटल पर रोक दिया। इसी दौरान कारोठा गांव का रहने वाला क्रिस यादव और खोआ गांव का रहने वाला दीपेंद्र यादव एक शिफ्ट कार में सवार होकर आए, और अपशब्द कहने लगे।

इसी दौरान चार अज्ञात लोग भी बाइक पर सवार होकर होटल पर पहुंच गए। तभी एक युवक ने हम चारों की तरफ कट्टा तान दिया। हम भाग कर थार कार के पीछे छुप गए। इसी दौरान एक बदमाश ने मारने की नीयत से कट्टे से कई फायर कर दिए। कट्टे से निकली गोली से थार कार के शीशे फूट गए। साथ ही कार की बॉडी में भी कई गोलियां लगी हैं। गनीमत रही फलदान शामिल में होने आ रही अन्य गाड़ियां हमें देखकर रुक गईं। जिन्हें देख हमलावर मौके से भाग निकले। इसकी शिकायत करैरा थाना में दर्ज कराई है।

लव एंगल से जुड़ा हुआ है मामला

जानकारी के अनुसार हमलावरों के प्रिंस बुंदेला और बृजभान परमार का किसी लड़की को लेकर विवाद चल रहा है। पूर्व में भी उक्त दोनों का झगड़ा करैरा थाने तक पहुंच चुका है। इसी के चलते रेकी और मुखबिर के आधार पर प्रिंस बुंदेला और ब्रजभान को टारगेट करते हुए हमला बोला गया।

पुष्पेंद्र सिंह चौहान का कहना है कि वह कई वर्षों से बाहर रहकर जॉब कर रहा है। कुछ दिन पहले ही फलदान के कार्यक्रम में शामिल होने करैरा पहुंचा था। मेरा हमलावरों से कोई विवाद नहीं है। करैरा थाना पुलिस ने 2 आरोपियों के खिलाफ नामजद और अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।