Shivpuri News- फांसी पर लटका मिला अनार, किसान को ट्रैक्टर ने रौंदा- मौत

NEWS ROOM
शिवपुरी।
जिले के सिरसौद थाना अंतर्गत ग्राम टोंगरा में रहने वाले एक युवक ने बीती रात अपने घर के सामने लगे एक पेड़ पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक टोंगरा निवासी अनार सिंह उम्र 22 साल पुत्र देव सिंह जाटव पिछले कुछ महीनों से कोलारस में पाइप लाइन बिछाने वाली कंपनी में मजदूरी का काम कर रहा था। रविवार को ही वह वहां से छुट्टी लेकर अपने गांव टोंगरा आया था। रात में 9 बजे खाना खाकर अपने कमरे सोने चला गया।

कुछ देर बाद अनार का बड़ा भाई उसे कमरे में किसी काम से देखने गया तो वह कमरे में नही मिला। बाद में घर के बाहर देखा तो अनार सिंह एक बबूल के पेड़ पर फांसी फंदे से लटका हुआ मिला। मामले की सूचना पुलिस को दी जिस पर से मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पीएम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है।

खेत से लौट रहे किसान को ट्रैक्टर ने रौंदा, मौत

सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम सिंह निवास में खेत से लौट रहे एक किसान को पीछे से आ रहे एक ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में किसान की मौत हो गई। पुलिस ने मामला कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार सिंह निवासी निवासी जगदीश पुत्र मंगलिया रावत के खेत पर खड़ी सरसों की फसल की कटाई चल रही है।

इसी क्रम में वह सोमवार की सुबह खेत पर मजदूरों को कटाई पर लगाकर मोटर सायकल से वापस अपने घर की तरफ लौट रहा था। इसी क्रम में पीछे से ग्राम मुढैरी से एक किसान की फसल भेजने के लिए शिवपुरी की तरफ आ रहे एक ट्रैक्टर चालक ने तेजी व लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए उसे टक्कर मार दी और ट्रैक्टर का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। गंभीर रूप से घायल हुए जगदीश को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।