Shivpuri News- यह विकास यात्रा नही जन जन की यात्रा है, मेरा सौभाग्य है इस क्षेत्र का नेतृत्व मिला: महाराज सिंधिया

NEWS ROOM
शिवपुरी।
केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शिवपुरी जिले में विकास यात्रा कार्यक्रम में शामिल हुए और जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने लुकवासा मंडी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में संचालित की जा रही विकास यात्रा जन.जन की यात्रा है। मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे ग्वालियर.चंबल संभाग का नेतृत्व करने का अवसर प्राप्त हुआ है। मेरे द्वारा आगे भी इसी प्रकार से क्षेत्र के विकास के लिए नेतृत्व प्रदान किया जाता रहेगा।

उन्होंने कहा कि 3.50 हजार करोड़ रूपए की लागत से शिवपुरी, कोलारस, लुकवासा, बदरवास, गुना से देवास तक राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण किया गया है। इस राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा नई विद्युत योजना बनाई गई है। इस योजना अंतर्गत शिवपुरी जिले के लिए पहले किश्त में चार नवीन 33/11 केवी के उपकेंद्र की स्थापना की जाएगी। इन उपकेन्द्रों में नए पॉवर ट्रांसफार्मर लगाए जाएगे। दो उपकेंद्रों में पॉवर ट्रांसफार्मर की क्षमता दोगुनी होगी। इसके साथ ही 245 करोड़ की लागत से 33 के.व्ही. 150 कि.मी. की विद्युत लाइन भी डाली जाएगी।

उन्होंने कहा कि ऐसे पात्र हितग्राही जिन्हें अभी तक आवास प्राप्त नहीं हुए है, उन्हें आने वाले समय में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास प्रदान किया जाएगा। केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा महिला, बुर्जुग एवं नौजवानों के लिए योजना बनाई गई है। उज्जवला योजना लाडली लक्ष्मी योजना जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा प्रदेश सरकार द्वारा लाडली बहना योजना लाई गई है जिससे महिला को हर माह एक हज़ार रुपये प्रदान किए जाएंगे।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कार्यक्रम स्थल पहुंचकर वृक्षारोपण किया उसके बाद कन्या पूजन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। जिला अध्यक्ष राजू बाथम और विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

भूमिपूजन एवं लोकार्पण

केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा जनपद कोलारस के लुकवासा में विकास यात्रा के दौरान 20 करोड़ 47 लाख 80 हजार की लागत के 16 विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। जिसमें 7 करोड़ 96 लाख रूपए की संयुक्त तहसील कार्यालय भवन रन्नौद का भूमिपूजन, 1 करोड़ 24 लाख रूपए की उपतहसील कार्यालय भवन खरई का भूमिपूजन, 4 करोड़ 72 लाख रूपए की लागत से नवीन 5 एमव्हीए 33/11 केव्ही उपकेन्द्र गोराटीला का भूमिपूजन, 1 करोड़ 71 लाख रूपए की लागत से नवीन 5 एमव्हीए पावर ट्रांसफार्मर रामगढ़ का भूमिपूजन, 24 लाख 2 हजार रूपए की लागत की अमृत सरोवर बेडारी का भूमिपूजन, 15 लाख 91 हजार रूपए की लागत की अमृत सरोवर बेंहटा का भूमिपूजन, 26 लाख 29 हजार रूपए की लागत की अमृत सरोवर देहरोद, 24 लाख 11 हजार रूपए की लागत की अमृत सरोवर खैरोना का भूमिपूजन, 25 लाख 32 हजार रूपए की लागत की अमृत सरोवर डेहरवारा, 25 लाख 16 हजार रूपए की लागत की अमृत सरोवर नेतवास, 24 लाख 59 हजार रूपए की लागत की अमृत सरोवर चिलावद, 50 लाख रूपए की लागत की अमृत सरोवर भाटी, 37 लाख रूपए की लागत की अमृत सरोवर भडौता, 30 लाख रूपए की लागत की अमृत सरोवर राई, 53 लाख 25 हजार रूपए की लागत की अमृत सरोवर मितोजीकलां तथा 1 करोड़ 49 लाख 15 हजार रूपए की लागत से निर्मित आदर्श गौशाला निर्माण धर्मपुरा ग्राम पंचायत गौराटीला का लोकार्पण किया।