पत्रकार प्रमोद भार्गव के सवाल पर भड़के कमलनाथ की प्रेस कॉन्फ्रेंस सुर्खियों में - Shivpuri News

Bhopal Samachar
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की पोहरी विधानसभा में जनता से कांग्रेस पार्टी के लिए समर्थन मांगने आए प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ पत्रकार वार्ता के दौरान वरिष्ठ पत्रकार श्री प्रमोद भार्गव के सवाल पर भड़क गए। यह घटनाक्रम, आज शिवपुरी जिले में उनकी सभा के समाचारों से ज्यादा सुर्खियों में हैं। 

सबसे पहले समझिए मामला क्या था

ग्वालियर मेले खादी सेक्टर में दिग्विजय सिंह के खास समर्थक की एग्जीबिशन लगी हुई है। 5 दिन पहले जब कमलनाथ और दिग्विजय सिंह एक साथ ग्वालियर पहुंचे थे तो दिग्विजय सिंह ने कार्यक्रम में सुनिश्चित करवाया था कि खादी मेले में भी जाएंगे। दिग्विजय सिंह निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समय पर खादी मेले में पहुंच गए परंतु कमलनाथ नहीं आए। 

  • दिग्विजय सिंह ने वहीं से कमलनाथ को कॉल किया, सबके सामने पूछा- क्यों मेले में नहीं आए। 
  • कमलनाथ से जवाब मिला, अरे वो कार्यक्रम तो रद्द है न। 
  • यह सुनते ही दिग्विजय सिंह नाराज हो गए और कॉल कट कर दिया। अकेले ही मेले का शुभारंभ कर दिया। 
  • कमलनाथ भी नाराजगी समझ गए और तत्काल मेले पहुंचे परंतु तब तक दिग्विजय सिंह वहां से निकल गए थे। 

पत्रकार श्री प्रमोद भार्गव ने इसी घटनाक्रम के बारे में कमलनाथ से पूछा था। उन्होंने कमलनाथ का सम्मान रखते हुए सीधे शब्दों का प्रयोग नहीं किया था, क्योंकि वह शब्द तीखे भी हो सकते थे। सवाल सुनते ही कमलनाथ भड़क उठे। कहने लगे कि आप गलत बोल रहे हैं। हम सब साथ-साथ हैं, और पता नहीं क्या-क्या। 

कमलनाथ जी को कौन बताया कि लोगों की याददाश्त इतनी भी कमजोर नहीं है कि 5 दिन पुरानी घटना को भूल जाएं और कमलनाथ जो कहे वही सही मान लें और फिर चुनाव से पहले मुख्यधारा के पत्रकारों से पंगा महंगा पड़ सकता है। ताजा खबर यह है कि सीहोर में भी कमलनाथ ने पत्रकारों के साथ कुछ इसी प्रकार की आपत्तिजनक व्यवहार किया है।