दिन का पारा 32 डिग्री सेल्सियस पर,पिछले साल से 12.6 डिग्री ज्यादा:पकने लगी है सरसों- Shivpuri News

NEWS ROOM
शिवपुरी।
शिवपुरी जिले में हर सप्ताह मौसम में बदलाव देखने में आ रहा है। बीते चौबीस घंटे में अधिकतम पारा 32 डिग्री सेल्सियस पार चला गया है। 10 फरवरी को पिछले साल की तुलना में इस साल 12.6 डिग्री ज्यादा तापमान दर्ज हुआ है। गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी तेज धूप से तापमान दो दिन लगातार बढ़ा है। 48 घंटे में ही 4.9 डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ गया है। वहीं चौबीस घंटे में रात के पारे में भी 3 डिग्री सेल्सियस का उछाल आया है।

शिवपुरी शहर में शुक्रवार को अधिकतम पारा 32.6 डिग्री और न्यूनतम 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि 24 घंटे पहले अधिकतम पारा 30.5 और न्यूनतम 12.4 डिग्री सेल्सियस था। वहीं 10 फरवरी 2022 को अधिकतम पारा 20 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस था। पिछले साल से ही तुलना करें तो तापमान में काफी इजाफा हुआ है। तेज धूप की वजह से सरसों फसल तेजी से पकना शुरू हो गई है।

जिले में कई जगह सरसों की कटाई चलने के साथ मंडी में बिकने भी आने लगी है। वहीं गेहूं, चना, सरसों, मटर आदि फसल भी जल्द पकने लगेगी। जिससे उत्पादन घटना लाजमी है। तापमान बढ़ने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।