शिवपुरी में रविवार को अफ्रीकन स्वाइन फीवर से 80 सूअरों की मौत,आज से लगाए जाऐंगें दिल में इंजेक्शन- Shivpuri News

NEWS ROOM
शिवपुरी।
अफ्रीकन स्वाइन फीवर की वजह से शिवपुरी शहर में सूअरों की मौत का सिलसिला बदस्तूर जारी है। रविवार के दिन 80 से अधिक सूअरों की मौत हो गई। नगर पालिका के नौ सफाई दरोगा शहर के कई हिस्सों में मर रहे सुअरों को फिकवाने का काम कर रहे हैं। बीमारी से सूअर तड़प तड़प कर दम तोड़ रहे हैं। नगर पालिका शिवपुरी के एसआई योगेश शर्मा ने बताया कि करीब 80 सूअरों के शव ट्रेचिंग ग्राउंड में दफनाए गए।

शहर के अलग अलग हिस्सों से सूअरों की मौत की सूचनाएं लगातार आ रही हैं। शाम को जिन सूअरों की मौतें हुई हैं, उनके शव सोमवार की सुबह उठवाए जाएंगे। हर दिन सूअरों की मौतों का सिलसिला चल रहा है। वहीं सिटी सेंटर पर रविवार की शाम तीन सूअरों की तड़प तड़पकर मौत हो गई।

पुरुषोत्तम गोस्वामी ने बताया कि उन्होंने वार्ड पार्षद को कॉल लगाया लेकिन रिसीव नहीं हुआ। सूअरों को आंखों के सामने मरता देख लोग दहशत में है। हालांकि पशुपालन विभाग पहले कह चुका है कि अफ्रीकन स्वाइन फीवर सूअरों से इंसानों में नहीं फैलता है। इसलिए किसी को डरने की जरूरत नहीं है।

सोमवार से जिंदा सूअरों को बेहोश करके दिल में इंजेक्शन लगाएंगे

सोमवार से जिंदा सूअरों को बेहोश करके दिल में इंजेक्शन लगाएंगे। केंद्र से जारी गाइडलाइन के अनुसार सारी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।.
डॉ एमसी तमोरी, उप संचालक, पशुपालन एवं डेयरी विभाग जिला शिवपुरी