पोहरी। खबर शिवपुरी जिले के पोहरी अनुविभाग में आने वाले गोवर्धन थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले खैरमानी गांव में शुक्रवार की शाम जमीनी विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। करीब आधा दर्जन से अधिक लोगों ने एक राय होकर पीड़ित परिवार पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। इस हमले में एक ही परिवार के चार लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है।
पुराने जमीनी विवाद को लेकर हुआ खूनी संघर्ष
जानकारी के अनुसार कल्याण पुत्र ईश्वर धाकड़ उम्र 50 वर्ष निवासी खैरमानी का सोनेराम कुशवाह से 5 साल पुराना जमीनी विवाद चला रहा था इसी विवाद को लेकर शुक्रवार की शाम सोने राम कुशवाह, सुनील कुशवाहएबीरबल कुशवाह धारा कुशवाह और पांच अन्य लोगों ने धारदार हथियारों से कल्याण धाकड़ के परिवार पर हमला बोल दिया।
अचानक हुए हमले में कल्याण धाकड़ के परिवार को संभालने का मौका भी नहीं मिला। हमलावरों ने लाठी.डंडे और कुल्हाड़ी से हमला कर कल्याण धाकड़ उसकी पत्नी किरण धाकड़ 70 वर्षीय वृद्ध पिता ईश्वर लाल धाकड़ और 65 वर्षीय मां मित्ती बाई धाकड़ को बेसुध होने तक पीटा।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची गोवर्धन थाना पुलिस ने सभी घायलों को पहले बैराड़ अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से सभी घायलों को जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर किया गया है। इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुए कल्याण धाकड़ की हालत नाजुक बनी हुई है।
लूटपाट के भी लगे हमलावरों पर आरोप
जमीनी विवाद को लेकर हुए इस खूनी संघर्ष में पीड़ित परिवार ने हमलावरों पर मारपीट के साथ लूटपाट का भी आरोप लगाया है। मारपीट की शिकार किरण धाकड़ ने बताया कि हमलावर उसका मंगलसूत्र और सोने की चेन लूट ले गए जबकि घर में रखे 35 हजार रुपए लूट कर ले गए।
गोवर्धन थाना प्रभारी रघुवीर सिंह धाकड़ का कहना है पहले घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। घायलों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा।