अशोक विहार कॉलोनी के मकान मालिकों को नोटिस जारी, 72 घंटे के बाद तोड़े जाने की चेतावनी- Shivpuri News

NEWS ROOM
शिवपुरी।
शहर के वार्ड 31 में टीवी टावर के पास स्थित अशोक विहार कॉलोनी में बने 27 मकान मालिकों को नगर पालिका ने गुरुवार को नोटिस जारी कर दिए हैं। इससे पहले उक्त लोगों को तहसील शिवपुरी से नोटिस जारी हुए थे। अब उन्हीं मामलों में नगर पालिका नोटिस भेजकर कार्रवाई की चेतावनी दे रही है।

शिवपुरी नगर पालिका सीएमओ के हस्ताक्षर से गुरुवार की सुबह 8:30 बजे ही 27 लोगों को उनके घरों पर नोटिस भिजवाए हैं। प्लॉट के आकार और उस पर बने मकान का जिक्र किया है। नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 223 एवं 187 के तहत नोटिस देकर लिखा है कि आपको भवन स्वामित्व व निर्माण के दस्तावेज तीन दिन में प्रस्तुत करें अन्यथा आपका मकान ध्वस्त करेंगे।

नगर पालिका के इन नोटिस से स्थानीय परिवारों में हड़कंप की स्थिति है। बता दें कि शिवपुरी तहसील से संबंधित लोगों को पहले ही नोटिस जारी हो चुके हैं। राजस्व विभाग संबंधित जमीन अपनी बता रहा है। तहसीलदार अमले के साथ पहुंचे तो लोगों ने विरोध करके लौटा दिया था। तहसीलदार ने संबंधितों से रजिस्ट्री संबंधी दस्तावेज मंगवाए थे। उसी जमीन को लेकर अब नगर पालिका कार्रवाई के लिए आगे आई है।