कोलारस में मात्र 8 मिनट में वृद्धा हत्या कर गहने लूटे लिए, आधार कार्ड ने पहुंचाया हत्यारों तक- kolaras News

NEWS ROOM
कोलारस।
जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में बीती 12 जुलाई की रात एक वृद्धा की हत्या उसी के खेत में कर दी थी। पुलिस ने इस अंधे कत्ल का खुलासा कर दिया हैं। वृद्धा को उसके बेटे ने मात्र 8 मिनट के लिए अकेला छोड़ा था इतने में हत्यारों ने हत्या कर दी और गहने लूट कर ले गए। इस अंधे कत्ल को सुलझाने के लिए पुलिस का आधार कार्ड बनाने वालों की मदद लेनी पडी।

कोलारस थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि 12 जुलाई की रात वेदा होटल के सामने पुरुषोत्तम धाकड़ अपनी 70 वर्षीय मां साजिंदेबाई के साथ खेत से निकलकर हाईवे तक पहुंचा था। मां को हाईवे किनारे खड़ा होकर पुरुषोत्तम बाइक से मजदूरों को छोड़ने चला गया। कुछ ही देर बाद लौटा तो मां नजर नहीं आई। खोजने पर उसका शव पास के खेत में मिला।

पुलिस को पुरुषोत्तम ने बताया कि सिर्फ 8 मिनट के लिए उसने मां को अकेला छोड़ा था। मां के गले और कानों में सोने के आभूषण थे, उसके पास मोबाइल भी था। पुलिस ने सबसे पहले मोबाइल लोकेशन के जरिए आरोपी को तलाशना शुरू किया। पुलिस को लोकेशन आखिरी लोकेशन भोपाल की मिली।

टीम भोपाल में दानिश अली के पास पहुंची। उसने बताया कि यह मोबाइल मेहरबान नामक मजदूर ने गिरबी रखा था, लेकिन बाद में वह उसे ले गया। पुलिस ने घुमक्कड़ किश्म के लोगों के आधार कार्ड बनाने वाली संस्था से सहयोग लिया। यहां उन्हें मेहरबान का एक फोटो मिला, जिसे दानिश अली को दिखाया गया। उसने उसकी पहचान कर ली। दस्तावेजों के आधार पर मेहरबान की पहचान अशोकनगर जिले के पीपलखेड़ा निवासी मेहरबान पुत्र गणेश राम अहिरवार के रूप में हुई।

पुलिस तत्काल उसके गांव पहुंची और उसे दबोच लिया। मेहरबान ने बताया कि गहने और मोबाइल के लिए वृद्धा की हत्या की थी। हत्या में विक्की कोरी निवासी बांसी थाना जखौरा ललितपुर उत्तर प्रदेश और उसका एक और साथी भी शामिल था। पुलिस ने आरोपी से लूट का माल बरामद कर लिया। थाना प्रभारी मनीष शर्मा का कहना है कि आरोपी विक्की कोली हत्या के आरोप में एक जेल में बंद है, उसे जल्द ही पूछताछ के लिए शिवपुरी लाया जाएगा।